भाजपा जिलाध्यक्षों का हुआ एलान, पंकज रामपाल फरीदाबाद और सोहनपाल बने बल्लभगढ़ BJP के जिलाध्यक्ष
Haryana BJP Jila Adhyaksh List भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हरियाणा के कई जिलों में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की है। इसी क्रम में फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के नए भाजपा जिलाध्यक्षों का एलान किया गया है। पंकज रामपाल को फरीदाबाद और सोहनपाल को बल्लभगढ़ भाजपा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। फरीदाबाद से 20 और बल्लभगढ़ से 19 नेताओं ने नामांकन दाखिल किए थे।
सुशील भाटिया, फरीदाबाद। पंकज पूजन रामपाल भारतीय जनता पार्टी के फरीदाबाद के नए जिलाध्यक्ष होंगे। सोहनपाल सिंह छोकर बल्लभगढ़ के जिलाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। नए जिलाध्यक्ष बनाने की प्रक्रिया को रविवार को अंतिम रूप दिया था, जिसकी विधिवत रूप से घोषणा आज जिला मुख्यालय सेक्टर 15 स्थित अटल कमल पर की गई।
पार्टी ने इस बार औद्योगिक जिला को संगठन की दृष्टि से दो जिलों में बांटा है। वर्ष 1980 में स्थापित पार्टी का हरियाणा प्रदेश के इस बड़े जिले का संगठन की दृष्टि से आकार पलवल तक होता था, पर 2008 में पलवल प्रशासनिक दृष्टि से अलग जिले के रूप में अस्तित्व में आया तो यह संगठन की दृष्टि से भी अलग जिला बन गया।
बीजेपी कार्यकर्ताओं की फाइल फोटो।
भाजपा ने फरीदाबाद को संगठन की दृष्टि से दो भागों में बांटा
जब 2009 में परिसीमन हुआ तो उसके बाद से संगठन की दृष्टि से फरीदाबाद जिला छह विधानसभा क्षेत्रों फरीदाबाद, तिगांव, एनआइटी, बल्लभगढ़, बड़खल व पृथला तक सीमित रह गया था। अब पार्टी ने फरीदाबाद जिले को भी संगठन की दृष्टि से दो भागों में बांटते हुए एक को नाम दिया फरीदाबाद और दूसरा बल्लभगढ़।
फरीदाबाद जिले में बड़खल, फरीदाबाद और तिगांव विधानसभा क्षेत्र शामिल किए गए हैं और बल्लभगढ़ जिले में बल्लभगढ़, एनआइटी और पृथला विस क्षेत्र शामिल किए गए हैं। रविवार को इन्हीं दोनों जिलों के अध्यक्ष का चुनाव कराने के लिए पार्टी ने नेताओं से आवेदन आमंत्रित किए थे।
फरीदाबाद से 20 और बल्लभगढ़ से 19 नेताओं ने किए थे नामांकन
इसके लिए पटौदी से पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता को चुनाव प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया, जबकि वरिष्ठ नेत्री नीरा तोमर व सुरेंद्र जांगड़ा सहप्रभारी थे। फरीदाबाद जिले के लिए 20 और बल्लभगढ़ के लिए 19 नेताओं ने आवेदन किया था।
इनमें फरीदाबाद जिले से प्रमुख रूप से वर्तमान अध्यक्ष राजकुमार वोहरा, जिला महामंत्री मनोज वशिष्ठ, जिला उपाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, मदन पुजारा, पूर्व विधायक चंद्र भाटिया के पुत्र रोहित भाटिया, नवनिर्वाचित पार्षद अनिल नागर, पूर्व पार्षद ओम प्रकाश रक्षवाल, महिला अध्यक्ष राजबाला सरधना, पूर्व अध्यक्ष अनीता शर्मा ने आवेदन किए।
इसी तरह से बल्लभगढ़ जिले के लिए पार्टी के पूर्व महामंत्री सोहनपाल सिंह, सुखबीर मलेरना, प्रदेश सह प्रवक्ता बिजेंद्र नेहरा, अनुराग गर्ग, बलदेव अलावलपुर, लक्ष्मी चंद भारद्वाज आवेदन करने वालों में प्रमुख नाम थे। पंकज रामपाल और सोहनपाल सिंह को छोड़ कर बाकी ने अपने नाम वापस ले लिए।
इसके अलावा गोहाना के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मालिक और सोनीपत के जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज को नियुक्त किया गया है।
गोहाना के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मालिक और सोनीपत के जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज की फोटो- जागरण
ये भी पढ़ें-
BJP ने पहली बार महानगर अध्यक्ष पद पर की तैनाती, सर्वप्रिय त्यागी बने गुरुग्राम के नए जिलाध्यक्ष
2019 में भाजपा के टिकट से चुनाव लड़े थे सोहनपाल सिंह
सोहनपाल सिंह 2019 में पृथला विस क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं। सोमवार को नवनिर्वाचित अध्यक्षों की अधिकृत घोषणा हुई। पार्टी के जिला मुख्यालय पर सोमवार को जिला प्रभारी सत्यप्रकाश जरावता और सह प्रभारी नीरा तोमर, सुरेंद्र जांगड़ा ने दोनों के नाम की घोषणा की।
निवर्तमान अध्यक्ष राजकुमार वोहरा, जिला महामंत्री मनोज वशिष्ठ, पूर्व महामंत्री मूलचंद मित्तल,मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता और राज मदान ने दोनों नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों को बधाई दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।