विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फरीदाबाद: 2.77 करोड़ की लागत से बनेगा पहला स्मार्ट पार्क, जानें क्या होगा खास

By Amit MishraEdited By:
Published: Sun, 10 Sep 2017 06:25 PM (IST)

पार्क में वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऐसा अलग जोन होगा जिसमें बैठने की व्यवस्था इंडोर-आउटडोर दोनों रूप में होगी। इसके अलावा पूरा पार्क सीसीटीवी कैमरों की जद में होगा।

फरीदाबाद: 2.77 करोड़ की लागत से बनेगा पहला स्मार्ट पार्क, जानें क्या होगा खास
फरीदाबाद: 2.77 करोड़ की लागत से बनेगा पहला स्मार्ट पार्क, जानें क्या होगा खास

फरीदाबाद [बिजेंद्र बंसल]। सेक्टर-21 बी में औद्योगिक नगरी का पहला स्मार्ट पार्क बनेगा। फिलहाल हुडा सेक्टर-21 बी में 2.26 एकड़ (9135 वर्ग मीटर) का यह पार्क सामान्य रूप में बना हुआ है मगर अगले दो माह में 2.77 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट पार्क बनना शुरू हो जाएगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बनने वाले इस पार्क में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं होंगी। पार्क बनाने वाली कंपनी को पांच साल के लिए इसका रखरखाव भी सौंपा जाएगा।

फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड के चेयरमैन एवं स्थानीय शहरी निकाय विभाग के प्रधान सचिव आनंद मोहन शरण ने शनिवार दिल्ली के हरियाणा भवन में हुई उच्च स्तरीय बैठक में इसकी सैद्धांतिक मंजूरी दी। इस मौके पर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनल गोयल सहित स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

पार्क में होगा 500 लोगों के लिए ओपन एयर थियेटर

स्मार्ट पार्क में लघु मंच से सुसज्जित ओपन एयर थियेटर होगा, इसमें 500 लोग एक साथ बैठकर नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम देख सकेंगे। लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था मार्बल पत्थर पर इस तरह की जाएगी कि सभी मंच पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम आसानी से देख सकें।

आर्ट गैलरी होगी मुख्य आकर्षण

पार्क के भव्य प्रवेश द्वार के साथ ही एक आर्ट गैलरी बनाई जाएगी। इसमें न सिर्फ देश के विख्यात कलाकारों की मनभावक प्राकृतिक छटा बिखेरने वाली पेंटिंग होंगी बल्कि यहां कुछ दीवारें कृत्रिम कैनवास के रूप में उन कलाकारों के लिए खाली रहेंगी जो अपनी कलाकृतियां बनाना चाहते हैं। इतना ही नहीं शहर के लोग यहां आकर अपनी पेंटिंग की प्रदर्शनी लगा सकें, इसकी भी व्यवस्था की जाएगी।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनेगा अलग जोन

पार्क में वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऐसा अलग जोन होगा जिसमें बैठने की व्यवस्था इंडोर-आउटडोर दोनों रूप में होगी। इसके अलावा पूरा पार्क सीसीटीवी कैमरों की जद में होगा तथा महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह पैनिक बटन लगाए जाएंगे। बटन दबाते ही पार्क में हल्की आवाज में सायरन बजेगा और इसकी सूचना नजदीक के पुलिस स्टेशन, फायर बिग्रेड स्टेशन सहित एंबुलेंस सुविधा तक भी जाएगी।

स्मार्ट पार्क में ये सुविधाएं भी होंगी

-बच्चों के खेलने के लिए खेल जोन, इसमें विशेष आकर्षण वाले झूले होंगे
-बरसात व धूप में भी लोगों के बैठने व योग करने के लिए छतरियां लगेंगी
-मनमोहक एक बड़ा फव्वारा लगाया जाएगा
- पार्क में एक ओपन जिम होगा, इसमें एक्सरसाइज कराने के लिए एक प्रशिक्षक भी मौजूदा होगा
-पार्क में फल-फूल के पौधे लगाए जाएंगे ताकि सुबह की भोर में आगंतुकों को पक्षियों की आवाज भी सुनाई दे



दो माह के अंदर शुरू हो जाएगा स्मार्ट पार्क का काम

बड़खल विधायक सीमा त्रिखा ने कहा कि  सिर्फ सेक्टर-21बी में ही नहीं बल्कि अन्य सेक्टरों के पार्कों को भी इस तरह का रूप दिया जाएगा। इस पहले स्मार्ट पार्क का काम दो माह में शुरू करवा दिए जाएगा। पार्क तक जाने वाले रास्तों की भी मरम्मत की जाएगी तथा यहां पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था होगी।

यह भी पढ़ें: अगले वर्ष से राजधानी में लगेंगे स्मार्ट बिजली मीटर, जानें खासियत

यह भी पढ़ें: क्लीन, डर्टी और ओके बटन बताएंगे पब्लिक टॉयलेट के हालात