Yamuna River Flood: यमुना नदी का जलस्तर फिर बढ़ा, तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा और अवैध कॉलोनियां डूबीं
फरीदाबाद में यमुना का जलस्तर बढ़ने से तटीय गांवों में पानी भर गया है जिससे किसान और ग्रामीण परेशान हैं। ओखला बैराज से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण बसंतपुर जैसे इलाकों में जलभराव हो गया है। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों को नदी किनारे से दूर रहने की चेतावनी दी है। अवैध कॉलोनियों में पानी घुसने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। यमुना नदी का जलस्तर फिर से बढ़ गया है। रविवार को ओखला बैराज से यमुना नदी में 55 हजार 464 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। शनिवार को यह 40 हजार क्यूसेक पानी था। इस वजह से नदी का पानी तटवर्ती गांव के खेतों में घुस गया। बसंतपुर में तो नदी की तलहटी में बसे हुए मकान काफी दिन से डूबे हुए हैं। पानी का दायरा और बढ़ गया। नदी के बढ़े हुए जल स्तर की वजह से किसानों और बसंतपुर की काॅलोनी में रहने वाले सैकड़ों लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
लोग राहत महसूस कर रहे
प्रशासन लगातार आस-पास बसे गांव में मुनादी कराकर दूर जाने को कह रहा है। नदी से सटे हुए ददसिया, लालपुर, भसकोला, कांवरा, राजपुर कलां, अलीपुर शिकारगाह, अमीपुर, सिडोला, जसाना, चांदपुर, अरुआ, शाहजहांपुर, साहुपुरा खादर, छांयसा, मोहना गांव पर प्रशासन की विशेष नजर है।
इन गांव के सरपंचों को प्रशासन ने अलर्ट कर दिया है। सरपंचों से स्पष्ट कहा है कि किसी भी ग्रामीण व पशुओं को यमुना नदी किनारे न जाने दिया जाए। पहाड़ों में लगातार हो रही वर्षा की वजह से ऐसा हो रहा है। यदि और वर्षा हुई तो जल स्तर बढ़ेगा। बता दें पिछले कुछ दिन यमुना का जलस्तर घट रहा था, जिससे लोग राहत महसूस कर रहे थे।
यह भी पढ़ें- कॉलोनियां डूबीं छतों पर डाला डेरा, टापू बने गांव... मथुरा में यमुना ने फिर किया खतरे का निशान पार
तलहटी में बसाई अवैध काॅलोनी
यमुना नदी की तलहटी में बसंतपुर में अवैध काॅलोनी बसाई हुई है। हर साल यहां काॅलोनी के घरों में यमुना का पानी घुस जाता है। दरअसल, अधिकारियों की उदासीनता के चलते बसंतपुर गांव में यमुना नदी की तलहटी में अवैध कालोनियां बसाई जा चुकी हैं। काॅलोनाइजर यमुना किनारे बेस्ट लोकेशन का लालच दिखाकर लोगों को फंसाते हैं। ऐसे काॅलोनाइजरों के झांसे में प्रवासी लोग अधिक आते हैं।
टीम की यहां विशेष निगरानी
काॅलोनाइजर फरीदाबाद सहित गुरुग्राम, दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा में रहने वाले बाहरी प्रदेश से आए लोगों को अपने जाल में उलझा लेते हैं। जिला नगर योजनाकार एंफोर्समेंट की तरफ से बसंतपुर गांव के इलाके में यमुना नदी की तलहटी में कई बार अवैध काॅलोनियों को तोड़ा जा चुका है, पर दोबारा निर्माण हो जाते हैं। अब यहीं पर सैकड़ों मकान डूब गए हैं, लोग बेघर हो गए हैं। प्रशासन की एक टीम की यहां विशेष निगरानी है।
सिंचाई विभाग के एसडीओ अरविंद शर्मा ने बताया कि जलस्तर बढ़ना चिंता की बात लेकिन सतर्कता बरतनी जरूरी है। लोगों को रिहायशी क्षेत्रों से पहले ही बाहर निकाला जा रहा है। प्रशासनिक टीमें लगातार जलस्तर पर निगरानी रखे हुए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।