Faridabad News: आया राम गया राम की तर्ज पर पाला बदल रहे जिला परिषद चेयरमैन विजय लोहिया
विजय सिंह लोहिया एक बार फिर भाजपा में चले गए हैं। जिला परिषद के गत वर्ष नवंबर माह में चुनाव हुए थे। जननानयक जनता पार्टी प्रदेश में भाजपा की मनोहर सरकार के साथ सत्ता में भागीदार है। भाजपा-जजपा के गठबंधन से ही सरकार चल रही है।

फरीदाबाद(सुशील भाटिया): जिला परिषद के वार्ड नंबर चार से चुने गए और फिर चेयरमैन बने विजय सिंह लोहिया हरियाणा की राजनीति की प्रसिद्ध कहावत आया राम गया राम को चरितार्थ कर रहे हैं। विजय सिंह लोहिया ने एक बार फिर भाजपा का दामन थाम लिया है। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के शहर में आगमन से ठीक पूर्व विजय सिंह लोहिया ने केंद्रीय भारी उद्योग एवं ऊर्जा राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर में अपनी आस्था दिखाते हुए भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।
Ghaziabad News: तीन स्टेशनों से 17 रूटों पर चलेंगी 114 बसें, एक लाख लोगों को होगी सहूलियत
27 नवंबर को मतगणना हुई थी, तो उसमें वार्ड नंबर चार से विजय सिंह लोहिया निर्वाचित घोषित किए गए थे। यह वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित था और इस बार जिला परिषद का चेयरमैन पद भी इस वर्ग के पुरुषों के लिए आरक्षित था। चूंकि दस सदस्यों वाली परिषद में एक मात्र विजय सिंह लोहिया ही अनुसूचित जाति से थे, इसलिए उनका चेयरमैन बनना था।
वार्ड का सदस्य निर्वाचित होने के बाद 29 नवंबर को विजय सिंह लोहिया केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के सेक्टर-28 स्थित कार्यालय मे गए थे। वहां उन्होंने भाजपा का पटका गले में डाल स्वयं के भाजपाई होने की बात कही थी। इधर बाद में जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का दबाव पड़ा तो विजय सिंह लोहिया ने अपनी राजनीतिक गाड़ी को बैक गेयर में डालते हुए इस बात से इन्कार किया कि वो भाजपा में शामिल हुए हैं। दबाव इसलिए पड़ा था क्योंकि चुनाव से पूर्व जननायक जनता पार्टी ने उन्हें अपना समर्थन दिया था।
पहले जजपा में शामिल हुए थे लोहिया
इधर दबाव पड़ने के बाद 14 दिसंबर को चंडीगढ़ में उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की उपस्थिति में विजय सिंह लोहिया जजपा में शामिल हो गए। तब यह आशंकाएं भी व्यक्त की जा रही थीं कि शायद अब जिला परिषद के चेयरमैन चुनने के लिए बैठक टल जाए, क्योंकि भाजपा नहीं चाहेगी कि उनके वर्चस्व वाले जिले में जजपा का चेयरमैन बने। खैर इसके बाद 24 दिसंबर को जब जिला परिषद के चेयरमैन व उपचेयरमैन चुनने के लिए जब बैठक हुई, तब विजय सिंह लोहिया ही चेयरमैन बने और जजपा ने खूब वाहवाही लूटी।
अब एक बार फिर विजय सिंह लोहिया ने पलटी मारते हुए 20 दिन बाद जजपा छोड़ कर भाजपा का दामन थाम लिया। बृहस्पतिवार को भाजपा में शामिल होने पर विजय सिंह लोहिया ने कहा कि सबका साथ सबका विकास की नीति के तहत चलते हुए उन्होंने सभी पार्टी का स्वाद लिया है और अब वो केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर की शरण में हैं, भाजपा के सिपाही हैं।
Uttar pradesh: लोनी के जंगल में ध्वस्त की गईं 19 अवैध फैक्ट्रियां
केंद्रीय राज्य मंत्री का साथ लेकर अपने क्षेत्र का विकास कराएंगे। तो इस तरह से विजय सिंह लोहिया कभी इस दल में और कभी उस दल में हो रहे हैं। कभी जजपा की चाबी लेकर सत्ता का ताला खोलने के जुगाड़ में रहते हैं और अब अपने क्षेत्र में विकास कराने की चाह लिए फिर भाजपा का कमल थाम बैठे हैं। उनके बार-बार पाला बदलने से राजनीतिक गलियारों में भी हास-परिहास हो रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।