रात को खाना खाकर घूमने निकले ससुर-दामाद की बाढ़ के पानी में बहने से मौत, NDRF की टीम ने खोज निकाले शव
फरीदाबाद में खाना लेने गए ससुर-दामाद की बाढ़ में डूबने से मौत हो गई। बसंतपुर शिव एन्क्लेव में रहने वाले सागर और बंटी बुधवार रात को खाना लेने निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने शुक्रवार को दोनों के शव बरामद किए। बंटी ई-रिक्शा चलाता था और पिछले साल ही उसकी शादी हुई थी।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। रात को खाना लेने के लिए निकले और फिर वापस न लौटने वाले ससुर-दामाद के बाढ़ के पानी में बह जाने की जो आशंका व्यक्त की जा रही थी, वह सही साबित हुई। दोनों की नदी में डूब जाने से मौत हो गई है। शुक्रवार को पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम के सहयोग से दोनों के शव खोज निकाले।
यह बता दें कि बसंतपुर शिव एन्क्लेव पूरी तरह से पानी से घिर गया है। बुधवार को करीब 10 बजे बसंतपुर शिव एन्क्लेव में रहने वाले सागर अपने दामाद बंटी के साथ खाना लेने के लिए घर से करीब एक किलोमीटर दूर पुश्ता रोड पर गए थे। करीब दो घंटे बीतने के बाद भी वह वापस नहीं लौटे तो स्वजन ने दोनों की तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन करने के बाद भी दोनों नहीं मिले तो पल्ला थाना पुलिस को सूचना दी गई थी।
बृहस्पतिवार दिन भर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें दोनों की खोजबीन करती रहीं, पर नहीं पता चला। शुक्रवार शाम को जब जलस्तर थोड़ा कम हुआ तो उनके शव बसंतपुर में ही किनारे पर आ गए। नजर पड़ने पर दोनों के शव पुलिस ने निकाल कर उनकी स्वजन से पहचान कराई। पल्ला थाना प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि उसके बाद जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिए। शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को होगा।
ई रिक्शा चलाता थ बंटी
स्वजन के अनुसार बंटी ई-रिक्शा चलाता था। उसकी पिछले साल ही शादी हुई थी। वह अपनी पत्नी के साथ ससुर के पास ही शिव इंक्लेव पार्ट तीन में रहता था। उनकी पत्नी को पिछले महीने बेटा हुआ है। फिलहाल उसका मकान यमुना बाढ़ की चपेट में है।
इसके बावजूद उन्होंने अपना मकान खाली नहीं किया था। जब वह अपने ससुर के साथ खाना लेने जा रहा था, कुछ लोगों ने उसे बाहर जाने से मना भी किया था लेकिन दोनों नहीं माने। सोचा था कि पानी कम है। इसलिए इसे पार कर जाएंगे। लेकिन बहाव अधिक होने की वजह से दोनों बह गए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।