फरीदाबाद में बुलडोजर चलाने की तैयारी, निगम अधिकारियों ने कर लिया निरीक्षण; 50 अवैध निर्माण होंगे ध्वस्त
फरीदाबाद नगर निगम नीलम फ्लाईओवर के दोनों तरफ नाले पर बने लगभग 50 अवैध निर्माणों को तोड़ेगा। निगम अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण किया है। इन निर्माणों के कारण जलभराव की समस्या होती है इसलिए यह कार्रवाई की जा रही है। दुकान मालिकों को नोटिस देकर अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। नगर निगम नालों पर अतिक्रमण का लगातार सफाया कर रहा है, ताकि वर्षा के समय पानी निकासी बेहतर तरीके से हो सके। पिछले माह निगम ने दयालबाग लकड़पुर में स्थित नाले पर कब्जा करके बनाए गए 20 से अधिक निर्माण को तोड़ दिया था। अब निगम नीलम फ्लाइओवर के दोनों तरफ नाले पर कब्जा करके बनाए गए 50 निर्माण को तोड़ेगा।
इसको लेकर निगम संयुक्त आयुक्त हितेंद्र शर्मा, जेडटीओ विकास कन्हैया और तोड़फोड़ शाखा के एसडीओ सुरेंद्र हुड्डा ने मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान नाले पर कब्जा करके बनाई गई दुकानों को देखा गया। निगम के अनुसार पहले दुकानों को नोटिस देकर उनको अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा। इस दौरान दुकान मालिकों को अपने कागज पेश करने होंगे। सुनवाई के बाद निगम की ओर से निर्माण को तोड़ने का काम किया जाएगा।
नाले में पानी निकासी नहीं होने से होता है जलभराव
नीलम फ्लाईओवर की दोनों तरफ से जाने वाला यह नाला एसी नगर के बड़े नाले में मिलता है। इस नाले में एनआइटी की सभी कालोनियों का वर्षा का पानी जाता है। लेकिन ड्रेन पर कब्जा होने की वजह से पानी निकासी नहीं हो पाती है। जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
निरीक्षण के बाद नोटिस की कार्रवाई शुरू होगी
लोगों ने नाले को पूरी तरह से ढक दिया है। यहां पर तोड़फोड़ करने के बाद निगम एसी नगर के नाले पर बने हुए निर्माण को तोड़ा जाएगा। बुधवार को निरीक्षण के बाद नोटिस की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। निगम के संयुक्त आयुक्त हितेंद्र शर्मा ने बताया कि नालों पर किसी भी तरह का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।