हरियाणा के पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान का निधन, 83 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री सतपाल सांगवान का सोमवार सुबह निधन हो गया। वे 83 वर्ष के थे। सतपाल सांगवान दादरी के विधायक सुनील सांगवान के पिता थे। सुनील सांगवान ने जेल अधीक्षक के पद से वीआरएस लेकर भाजपा की टिकट पर दादरी से विधानसभा का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी। सतपाल सांगवान दादरी से छह बार विधानसभा चुनाव लड़ा था जिसमेंदो बार जीत हासिल की थी।

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। दादरी जिले की राजनीति में अहम स्थान रखने वाले प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री व दादरी के विधायक सुनील सांगवान के पिता सतपाल सांगवान का 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। सांगवान पिछले कुछ दिनों से वे अस्वस्थ चल रहे थे, जिसके चलते उन्हें गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
देर रात करीब ढाई बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दादरी नगर व्यापार मंडल कोर कमेटी ने बैठक कर शोक स्वरूप दोपहर 12 बजे से दादरी के बाजार बंद करने का निर्णय लिया है।
पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार
सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उनका पार्थिव शरीर दादरी स्थित निवास स्थान पर लाया गया। जहां पर राजनीतिक, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ-साथ समर्थक उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंच रहे हैं। दोपहर बाद चार बजे पैतृक गांव चंदेनी में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
राजनीति में लाए थे बंसीलाल
बता दें कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बंसीलाल ही सतपाल सांगवान को राजनीति में लेकर आए थे। चौ. बंसीलाल उन्हें बुलडोजर कहकर बुलाते थे।
राजनीति में आने से पहले सांगवान बीएसएनएल में एसडीओ के पद पर कार्यरत थे। पूर्व सीएम स्व. बंसीलाल को अपना राजनीतिक गुरू मानने वाले सतपाल सांगवान ने दादरी से छह बार विधानसभा का चुनाव लड़ा था।
पहली बार 1996 में लड़ा था चुनाव
वर्ष 1996 में वे पहली बार हरियाणा विकास पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ते हुए दादरी से विधायक बने थे। उसके बाद उन्होंने वर्ष 2000 और 2005 में भी चुनाव लड़ा। वर्ष 2009 में वे हरियाणा जनहित कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीते और बाद में कांग्रेस में शामिल होते हुए प्रदेश में कैबिनेट मंत्री बने।
उन्होंने वर्ष 2014 में कांग्रेस और 2019 में जजपा की टिकट पर विस चुनाव लड़ा था। वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान अपने समर्थकों के साथ केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में भाजपा में शामिल हो गए थे।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी शोक जताया है। सीएम नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, गुरूग्राम भाजपा जिलाध्यक्ष कमल यादव ने रविवार को ही गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में जाकर पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान का हालचाल जाना था।
बेटे सुनील सांगवान हैं दादरी के विधायक
गौरतलब है कि पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के बेटे सुनील सांगवान वर्तमान में दादरी से भाजपा विधायक हैं। पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव से कुछ समय पहले ही सुनील सांगवान ने जेल अधीक्षक के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृति लेकर भाजपा की टिकट पर दादरी से चुनाव लड़ा था।
इस चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की थी। सतपाल सांगवान के पौत्र मनव सांगवान व पौत्री नव्या सांगवान, दोनों ही भारतीय सेना में कार्यरत हैं।
28 जनवरी को बेटी का हो गया था निधन
गत 28 जनवरी को पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान की बेटी सेवानिवृत अध्यापिका ऊषा कादयान का भी निधन हो गया था। जिस समय उनका निधन हुआ उस समय वे दादरी में अपने पिता से मिलने के लिए ही आई हुई थी।
प्रमुखता से उठाते रहे हैं क्षेत्र की समस्याएं
बता दें कि मंत्री सतपाल सांगवान दादरी जिले से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। दादरी में स्वास्थ्य सुविधाओं में कमी, जलभराव की समस्या, सरकारी स्कूल में जलभराव, सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी ना मिलना, किसानों को मुआवजा इत्यादि मुद्दों को लेकर वे समय-समय पर सरकार को पत्र भी लिखते रहे। मौजूदा समय में भी वे दादरी में व्याप्त समस्याओं के समाधान को लेकर लगातार अधिकारियों से संपर्क करते रहते थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।