Himani Murder Case: दूध, नमकीन और कोल्ड ड्रिंक; कातिल घर में थे या बाहर? हत्या बनी पुलिस के लिए पहेली
हिमानी हत्याकांड में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। हिमानी की मां ने बेटी के गहनों के गायब होने का आरोप लगाया है। 28 फरवरी को गर्म किए गए दूध को किसी ने नहीं पिया। घर में ड्राई-फ्रूट नमकीन और कोल्ड ड्रिंक रखी मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घऱ से रजाई का कवर भी गायब है। हर एंगल से पुलिस जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, रोहतक। कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या मामले में काफी चौंकाने वाली बातें निकलकर सामने आ रही है। हिमानी की मां सविता रानी ने बताया कि बेटी के आभूषण भी गायब है, जिसमें पांच सोने की अंगूठी, जिसमें एक डायमंड, तीन तोले की सोने की चेन व एक चांदी की कड़ी गायब हैं।
पुराने आभूषण को ही ज्वेलर्स को देकर एक सोने की चेन बनवाने का करीब 70 हजार रुपए एडवांस देकर ऑर्डर दिया था। जिसमें बेटी ने कहा था कि मम्मी यह चेन शादी के समय काम आ जाएगी। इसके बाद 21 फरवरी को प्रयागराज में संगम स्नान के लिए गए थे और फिर 23 फरवरी को वह वापस लौटे।
बेटी के लिए अच्छा लड़का देखा जा रहा था। इसी बीच एक मार्च को दोपहर तीन बजे के करीब पुलिस का फोन आया कि हिमानी का शव सूटकेस में मिला है, जैसे ही पहचान के लिए अस्पताल आई तो वही थी।
सवालों का जवाब तलाश रही पुलिस
मृतका के मामा रविंद्र नांदल के अनुसार 27 फरवरी को दूधिया एक लीटर दूध दे गया था। इसके बाद 28 फरवरी को दूध को गर्म किया गया, लेकिन किसी ने पीया नहीं। दूध पर मलाई आई हुई थी। इसके साथ ही घर पर ड्राई-फ्रूट, नमकीन व कोल्ड ड्रिंक रखी मिली है। इससे लग रहा है कि किसी को हिमानी के घर आना था। लेकिन अभी पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश रही है।
विधायक बोले- कांग्रेस पार्टी परिवार के साथ
विधायक भारत भूषण बतरा ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि हिमानी पार्टी के हर कार्यक्रम में शिरकत करती थी। इस हत्या के पीछे जो भी कोई है, उसे बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का भी कहना है कि 36 घंटे के अंदर इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही मृतका की मां से पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा व एसपी से बात करवाई है। पार्टी के बारे में सविता रानी ने जो भी बोला वह आक्रोश में आकर बोला है। कांग्रेस पार्टी परिवार के साथ है। प्रयास कर रहे हैं कि मृतका का शांतिपूर्ण तरीके से अंतिम संस्कार करेंगे। इसके लिए स्वजनों से बातचीत चल रही है।
सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रही हिमानी
जानकारी के अनुसार गुरुग्राम में 14 फरवरी को हिमानी ने बर्थडे मनाया। उसी दिन जो ड्रेस हिमानी ने पहनी थी, उसी ड्रेस में हिमानी का शव मिला है। वहीं हिमानी इंस्टाग्राम व फेसबुक पर सबसे ज्यादा एक्टिव रहती थी। रील में वह कई बार दुल्हन का रोल भी कर चुकी है और हरियाणवी गानों पर अधिकतर रील बनाती थी। इतना ही नहीं, हत्या से दो दिन पहले भी एक हरियाणवी गाने की पोस्ट डाली गई। वाट्सएप पर पर स्टेट्स भी लगाया था।
रजाई का कवर भी घर से गायब
सांपला बस स्टैंड के पास झाड़ियों में मिले सूटकेस से हिमानी का शव तो मिला ही, लेकिन उसके घर से सूटकेस के अलावा एक और चीज गायब थी। वह रजाई का कवर था जो सूटकेस में मिला था।
उसी पर पुलिस ने हिमानी का शव रखा था। अब पुलिस के लिए भी यह रजाई का कवर अहम सबूत है। इस पहेली को सुलझाने के लिए पुलिस तीसरी आंख यानी सीसीटीवी फुटेज का सहारा ले रहे हैं।
चार ताले लगाकर जाती थी बेटी
मां सविता ने बताया कि बेटी हमेशा चार ताले लगाकर जाती थी, लेकिन जब पुलिस यहां जांच के लिए पहुंची तो दो ही ताले लगे मिले। यह काफी संदिग्ध है। यह बात मृतका की मां ने बताई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।