Haryana News: अंबाला में भीषण सड़क हादसा, मीठे पानी की छबील में घुसा ट्रक; एक की मौत और सात घायल
अंबाला में नेशनल हाईवे पर गुरुद्वारा मंजी साहिब के पास एक ट्रक मीठे पानी की छबील में घुस गया जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और सात घायल हो गए। मृतक फिरोज सहारनपुर का रहने वाला था और कपड़े का फेरीवाला था। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, अंबाला शहर। दिल्ली अमृतसर नेशनल हाईवे स्थित गुरुद्वारा मंजी साहिब के पास शनिवार दोपहर को एक ट्रक मीठे पानी की छबील में घुस गया। ट्रक इतनी अधिक रफ्तार में था कि किसी काे संभलने का समय नहीं दिया।
हादसे में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के चिलकाना के रहने वाले फिरोज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सात घायल हो गए। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से एक की गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
बता दें कि मंजी साहिब गुरुद्वारा के पास छबील चल रही थी, एक दूसरे को पानी पीता देखकर लाेग रूक रहे थे। इतने में तेज रफ्तार ट्रक दिल्ली की ओर से आया, जो पंजाब की ओर जा रहा था। उसने सीधे छबील पर टक्कर मारी।
जिससे रेहड़ी समेत लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान फिरोज ने मौके पर दम तोड़ दिया, बाकी को उपचार के लिए अस्पताल में लाया गया। बताया जा रहा है कि छबील लगाने वाले भी मौके से निकल गये। वहीं हादसे में सात लोग घायल हो गए।
जिनमें 21 वर्षीय जीसान की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने चंड़ीगढ़ रेफर कर दिया और बाकी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटनास्थल पर डायल 112 पहुंची और इसके साथ मौके पर थाना प्रभारी मोहन लाल भी पहुंचे। वहीं ट्रक चालक सुरिंद्र को पुलिस ने हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
कपड़े की फेरी लगाना का काम करता था मृतक
सलमान ने बताया कि सहारनपुर के चिलकाना के रहने वाले हैं और कपड़े की फेरी लगाने का काम करते हैं। वह दो रेहड़ियों पर वह तीन लोग जिनमें फिरोज और जीसान थे। मीठे पानी की छबील देखकर पानी पीने के लिए रूके थे और तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मारी।
यह भी हुए घायल, बोले पानी पीने के लिए रूके थे
हादसे में घायल दंपत्ती सुमित व शालू ने बताया कि वह शाहबाद से बनूड़ जा रहे थे। 42 वर्षीय सुखविंद्र सिंह ने बताया कि वह ड्यूटी करके मोटरसाइकिल पर कैंट से बनूड़ जा रहा था। खरड़ के रहने वाले 35 वर्षीय आसिफ ने बताया कि वह अंबाला शहर मार्केट में आया था। इसके साथ सहारनपुर चिलकाना के जीसान और उसका भाई सलमान भी घायल हो गए। नाहन हाउस के 18 वर्षीय वासु ने बताया कि वह पानी पीने के लिए रूका था।
हाईवे पर टेंट लगाकर लगाई गई थी छबील
गुरुद्वारा मंजी साहिब से थोड़ा आगे एक छबील लगाई हुई थी। बताया जा रहा है कि इसे स्थानीय लोगों की ओर से लगाया हुआ था। इस छबील को लिंक रोड की बजाए उससे आगे बढ़कर नेशनल हाईवे की ओर लगाया हुआ था। इससे हाईवेे पर ही लोग खड़े होकर मीठा पानी पी रहे थे।
लोगों ने रोड पर गुरुद्वारा मंजी साहिब पार करके पानी की छबील लगा रखी थी, जहां लोग साइड में खडे होकर पानी पी रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक चालक लापरवाही से चलाते हुए आया और छबील में टक्कर मारी। इस कारण एक व्यक्ति की मौके पर मौत हाे गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जिनका उपचार चल रहा है। मृतक चिलकाना सहारनपुर का रहने वाला था, उसके दो साथी भी घायल हैं। छबील की अनुमति उनके पास से नहीं ली गई।
- मोहन लाल, थाना प्रभारी, अंबाला शहर।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।