Haryana Farmers: किसान भाई इस दिन से बेच सकेंगे गेंहू और सरसों की फसल, हरियाणा सरकार ने किया तारीखों का एलान
Haryana Farmers हरियाणा के किसानों के लिए एक अच्छी खबर है। सरकार ने सरसों और गेहूं की खरीद शुरू करने को लेकर एलान कर दिया है। सरकार ने इस बाबत तारीखों की घोषणा कर दी है। सरसों की फसल की खरीद 26 मार्च से और गेहूं की खरीद एक अप्रैल से शुरू होगी। रबी सीजन 2024-25 को लेकर सरकार ने तैयारियां पूरी कर लिए जाने का दावा किया है।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। Haryana News: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला द्वारा भाजपा सरकार पर सरसों व गेहूं की खरीद का समय निर्धारित नहीं करने के आरोप लगाने के बाद बृहस्पतिवार को तारीखों की घोषणा कर दी गई है।
गेहूं के लिए 2275 रुपए प्रति क्विंटल MSP
प्रदेश में सरसों (Haryana Latest News) की फसल की खरीद 26 मार्च से और गेहूं की खरीद एक अप्रैल से शुरू होगी। रबी सीजन 2024-25 को लेकर सरकार ने तैयारियां पूरी कर लिए जाने का दावा किया है। इस सीजन में सरसों के लिए 5650 रुपये, गेहूं के लिए 2275 रुपये प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) निर्धारित किया गया है।
किसानों को ऐसे किया जाएगा भुगतना
इस बार भी फसल खरीद का भुगतान डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में किया जाएगा। पिछले सात फसल सीजन में फसल खरीद के लगभग 90 हजार करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में डाले गए हैं। सरसों की सरकारी खरीद हैफेड व हरियाणा भंडारण निगम द्वारा की जाएगी। सरसों के लिए 106 मंडिया/खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इस बार मंडियों में 14.28 लाख टन सरसों की आवक होने की संभावना हैं। हालांकि वर्ष 2022-23 में 3.17 लाख टन तथा वर्ष 2023-24 में 6.83 लाख टन आवक हुई थी।
गेहूं खरीद के लिए 417 मंडिया बनकर तैयार
गेहूं की खरीद के लिए 417 मंडिया/खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इस बार 112.14 लाख टन गेहूं का उत्पादन होने की संभावना हैं। किसानों को गेहूं की खरीद के भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी का सामना न करना पड़े, इसके लिए 7300 करोड़ रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट की मंजूरी पहले ही दी जा चुकी है।
गेहूं की खरीद के लिए बेल की भी समुचित व्यवस्था की गई है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड और हरियाणा राज्य भंडारण निगम को बेल भेजी जा चुकी है।
यह भी पढ़ें- 'रोहतक का नाम सुना और...', कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बताया हरियाणा में क्यों टूटा BJP-JJP का गठबंधन!
फसल खरीद मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर दर्ज डाटा के आधार पर की जाएगी। इस पोर्टल पर सरसों के लिए 4 लाख 74 हजार 768 किसानों ने 18 लाख छह हजार 326 एकड़ भूमि का पंजीकरण करवाया है। साथ ही, गेहूं के लिए सात लाख 82 हजार 921 किसानों ने 41 लाख 64 हजार 324 एकड़ भूमि का पंजीकरण करवाया है।
चना और जौ की खरीद भी एक अप्रैल से होगी
रबी सीजन 2024-25 में चना व जौ की भी खरीद एक अप्रैल से की जाएगी। चने की खरीद के लिए 11 तथा जौ की खरीद के लिए 25 मंडिया/खरीद केंद्र बनाए गए हैं। किसानों की सुविधा के लिए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड पंचकूला के कार्यालय में हेल्पलाइन नंबर 1800-180-2600 स्थापित किया गया है।