निकाय चुनाव: अनिल विज की नाराजगी के बाद BJP ने बदली उम्मीदवारों की सूची, जुगाड़ से टिकट लेने वालों को झटका
हरियाणा के अंबाला सदर नगर परिषद के चुनावों के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की सूची में बदलाव किया है। परिवहन मंत्री अनिल विज के समर्थकों की नाराजगी के बाद पार्टी ने यह कदम उठाया है। नई सूची में कई ऐसे नाम हटाए गए हैं जिन पर आपत्ति थी। माना जा रहा है कि विज और उनके समर्थकों की नाराजगी के बाद पार्टी हाईकमान ने यह कदम उठाया है।

जागरण संवाददाता, अंबाला। नगर परिषद अंबाला सदर के 32 वार्डों के उम्मीदवारों की भाजपा द्वारा जारी की गई सूची पर जहां बवाल हो गया, वहीं परिवहन मंत्री अनिल विज के समर्थकों में खासी नाराजगी दिखाई दी। इसी पर चारों मंडल प्रधानों ने आपत्ति उठाई थी। कार्यकर्ताओं के विरोध को देखते हुए विज नाराज हो गए और मामला तूल पकड़ गया।
भाजपा ने होल्ड की सूची में बदलाव कर रविवार को नई सूची जारी कर दी है। इस सूची में विज की नाराजगी को दूर करने की कोशिश की है। इसमें कई ऐसे नाम, जिन पर आपत्ति थी, हटाए गए हैं। मंडल प्रधानों का कहना था कि उन लोगों को भी टिकट दी गई, जिन्होंने अंबाला छावनी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अनिल विज को हरवाने की कोशिश की।
नाराजगी के बाद पार्टी हाईकमान का बड़ा कदम
हालांकि, पहले जारी सूची को होल्ड करने की बात कही गई थी। उधर, एक बार फिर से सूची बनाई गई है, जिसमें कुछ नेताओं के नाम काटे गए हैं। माना जा रहा है कि विज व उनके समर्थकों की नाराजगी के बाद पार्टी हाईकमान ने यह कदम उठाया हैं।
टिकट बंटवारे के बाद मचा था सियासी घमासान
बता दें कि इससे पहले बीजेपी ने अनिल विज को निकाय चुनाव में पार्षदों के टिकट वितरण में झटका दिया था। अनिल विज ने जिन 32 कार्यकर्ताओं की सूची पार्टी को भेजी थी, उनमें से 15 को ही टिकट दिया था। पार्टी ने 17 अन्य लोगों को टिकट थमा दिया था।
सुबह होते ही विज समर्थक एकत्रित हो गए और छावनी के भाजपा कार्यालय में चारों मंडल प्रधानों ने बैठक की। जिन कार्यकर्ताओं के नाम काटे गए उन्हें आश्वस्त किया गया था कि टिकट उन्हीं को मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
अनिल विज से मिलने कोठी पर पहुंचे कार्यकर्ता
बता दें कि दो दिन पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने अनि विज को अपना वरिष्ठ नेता बताया था। मंडल प्रधानों के विरोध के बाद भाजपा ने अपने फेसबुक पेज से अंबाला छावनी के पार्षदों की सूची को हटा दिया। जिला कार्यालय में बैठक के बाद मंडल प्रधान अनिल विज से मिलने उनकी कोठी पर पहुंचे। टिकट बंटवारे को लेकर काफी चर्चा हुई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।