Vadodara: कभी कॉलेज न जाने वाला बीमा एजेंट बना 'इंजीनियरिंग स्टूडेंट', क्या है ये अजीबोगरीब मामला?
वडोदरा में प्रतीक कुमार परमार नामक एक 25 वर्षीय युवक जिसने कभी भी कॉलेज में पढ़ाई नहीं की उसके नाम से किसी को छात्रवृत्ति दी जा रही थी। वहीं एक डिप्लोमा कोर्स में भी उसके नाम दर्ज था। जब प्रतीक को इस बात की जानकारी मिली की उसके नाम से कॉलेज में छात्रवृति दी जा रही है तो उसने साल 2023 में समाज कल्याण विभाग से संपर्क किया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वडोदरा में फर्जी डिग्री का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दरअसल, प्रतीक कुमार परमार नामक एक 25 वर्षीय युवक, जिसने कभी भी कॉलेज में पढ़ाई नहीं की, उसके नाम से किसी को छात्रवृत्ति दी जा रही थी। वहीं, एक डिप्लोमा कोर्स में भी उसके नाम दर्ज था। प्रतीक कुमार परमार (25) वडोदरा जिले के पादरा तालुका के घयाज गांव का निवासी है।
कॉलेज के रजिस्टर में दर्ज था प्रतीक का नाम
जब प्रतीक को इस बात की जानकारी मिली की उसके नाम से कॉलेज में छात्रवृति दी जा रही है तो उसने साल 2023 में समाज कल्याण विभाग से संपर्क किया। इसके बाद अधिकारियों ने उसके आधार कार्ड नंबर चेक किए। परमार ये देखकर हैरान रह गया कि कॉलेज में उसका नाम रजिस्टर था, वहीं उसके नाम से किसी को छात्रवृत्ति भी दी जा रही थी।
इसके बाद परमार ने इस मामले को लेकर RTI फाइल की। परमार को पता चला कि कडी नागरिक सहकारी बैंक की सीटीएम शाखा में उनके नाम पर एक खाता खोला गया था। छात्रवृत्ति उनके नाम पर बैंक में जमा की गई थी।
कई धाराओं के तहत मामला दर्ज
गुरुवार को इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई। सात अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी), 465 (जालसाजी), 467 (मूल्यवान सुरक्षा, वसीयत के लिए जालसाजी), 471 (जाली दस्तावेजों को असली के रूप में इस्तेमाल करना) और 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी) के तहत शिकायत दर्ज की है।
परमार को संदेह है कि वह अकेले व्यक्ति नहीं हो सकते हैं जिनके नाम पर छात्रवृत्ति ली गई है। आशंका है कि कई और लोगों के नाम पर कॉलेज से छात्रवृत्ति ली जा रही होगी।
यह भी पढ़ें: गुजरात के भरूच में बड़ा हादसा, केमिकल प्लांट में गैस लीक होने से चार मजदूरों की मौत
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।