यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 26, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Surat News: तलाकशुदा पत्नी को पार्क में टहलाने के बाद दिया मिलावटी इंजेक्शन, पुलिस ने पूर्व पति को धर दबोचा
Surat Crime News सूरत में एक शख्स ने अपनी पूर्व-पत्नी को मिलावटी खून का इंजेक्शन लगा दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। खून के नमूने को रिपोर्ट के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) भेजा गया है।

सूरत, एजेंसी। Surat Crime News: गुजरात के सूरत से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने 25 दिसंबर की रात को अपनी पूर्व-पत्नी को मिलावटी खून का इंजेक्शन लगा दिया, जिसके कारण वह बेहोश हो गई। सूरत पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उसकी पहचान शंकर कांबली के रूप में हुई है। खून के नमूने को रिपोर्ट के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) भेजा गया है।
रांदेर पुलिस उप निरीक्षक एचएन परमार ने बताया, 'आरोपी शंकर कांबली को हिरासत में लिया गया है। जहर देने, दुर्भावना से अपराध करने, खतरनाक हथियार से जानबूझकर चोट पहुंचाने के आरोप में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
एफएसएल की रिपोर्ट के बाद बढ़ाई जाएंगी धाराएं
पुलिस ने कहा कि एफएसएल रिपोर्ट से एक बार यह पुष्टि हो जाए कि आरोपी ने खून में क्या मिलाया था। इसके बाद उससे संबंधित और धाराएं जोड़ी जाएंगी। बताते चलें कि आरोपी ने अपनी पूर्व पत्नी यास्मीन सेराली को मिलावटी खून का इंजेक्शन लगा दिया था। अधिकारी ने कहा कि आरोपी के पास से एक बोतल बरामद हुई है। इस बोतल में खून लाया गया था। पुलिस उसे अपराध स्थल पर ले जाएगी, जहां आरोपी ने यास्मीन को इंजेक्शन लगाया था। इसके साथ ही हत्या के लिए इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन की तलाश करने की कोशिश करेगी, जिससे अपराध को अंजाम दिया गया था।
Gujarat In 2022: इस साल भाजपा की ऐतिहासिक जीत, मोरबी पुल हादसे का दर्द, जानिए और कई बड़ी बातें
पत्नी पर करता था शक, दो महीने पहले हुआ था तलाक
पीड़िता यास्मीन ने रांदेर पुलिस स्टेशन में अपनी शिकायत में कहा है कि 15 साल पहले हिंदू रीति-रिवाजों से उसकी और शंकर कांबली की शादी हुई थी। उनके दो बच्चे थे, लेकिन आरोपी लगातार उस पर विवाहेतर संबंध होने का संदेह करता था। कुछ साल बाद उसने उसे मानसिक रूप से पीटना और प्रताड़ित करना शुरू कर दिया, जिसके कारण उसने तलाक की याचिका दायर की थी। फैमिली कोर्ट ने अभी दो महीने पहले ही तलाक का आदेश दिया था। यासीन ने बताया कि इसके बाद से वह अपने दोनों बच्चों के साथ अपनी मां के साथ रह रही थी।
मिलने के लिए बुलाया और लगा दिया इंजेक्शन
25 दिसंबर की दोपहर शंकर ने यास्मीन को मिलने के लिए बुलाया, जिस पर वह राजी हो गई। वह उसे घुमाने ले गया, उसके लिए इत्र खरीदा। बाद में शाम को वह उसे एक सुनसान जगह पर ले गया और उसकी बाईं जांघ पर एक इंजेक्शन लगा दिया। इसकी वजह से महिला को बेचैनी होने लगी। इसके बाद आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता किसी तरह रांदेर थाने पहुंची, जहां से उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। स्वस्थ होने के बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।