विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Gujarat: जाते-जाते भी चमत्कार कर गए बप्पा, गणेश प्रतिमा के साथ समुद्र में बहा लाखन; 24 घंटे बाद सकुशल लौटा

By Jagran NewsEdited By: Mohd Faisal
Published: Mon, 02 Oct 2023 09:45 PM (IST)

दक्षिण गुजरात के डूमस समुद्री क्षेत्र में नहाते हुए समुद्र में डूबा एक 14 साल का बच्चा 24 घंटे बाद ...और पढ़ें

जाते-जाते भी चमत्कार कर गए बप्पा, प्रतिमा के साथ समुद्र में बहा लाखन; 24 घंटे बाद सकुशल लौटा (फाइल फोटो)
जाते-जाते भी चमत्कार कर गए बप्पा, प्रतिमा के साथ समुद्र में बहा लाखन; 24 घंटे बाद सकुशल लौटा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. समुद्र में डूबा बच्चा चौबीस घंटे बाद सकुशल वापस लौटा।
  2. गणेश प्रतिमा के साथ बहाए गए बड़े लकड़ी के टुकड़े के सहारे तैरता रहा।
  3. मछुआरों की पड़ी नजर, सुरक्षित निकालकर अस्पताल में कराया भर्ती।

राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। दक्षिण गुजरात के डूमस समुद्री क्षेत्र में नहाते हुए समुद्र में डूबा एक 14 साल का बच्चा 24 घंटे बाद जीवित लौट आया। इसे महज संयोग कहें या चमत्कार, समुद्र में बच्चे को गणेश प्रतिमा के साथ बहाया गया लकड़ी का फ्रेम पकड़ में आ गया। इसी के सहारे वह 24 घंटे समुद्र में तैरता रहा।

स्वजन इसे भगवान गणेश का आशीर्वाद मान रहे हैं। इस घटना को भले ही महज संयोग कहा जाए, लेकिन लाखन के लिए गणेश सहारा बने तो नवदुर्गा जीवनदायिनी साबित हुईं।

सूरत के गोडादरा में रहता है परिवार

सूरत के गोडादरा के पास रहने वाले विकास लाभु के दो बेटे लाखन, करण और बेटी अंजलि अपनी दादी सविता बेन के साथ विगत 29 सितंबर को सूरत के अंबाजी मंदिर गए थे। वहां से दादी तीनों बच्चों को डूमस के समुद्र तट पर घुमाने ले गईं। समुद्र तट पर पहुंचने पर 14 साल के लाखन, 11 साल के करण और सविता समुद्र में नहाने लगे।

समुद्र में बह गया था लाखन

इसी बीच समुद्र में आए ज्वार से लाखन व करण इसमें बह गए। करण को वहां मौजूद लोगों ने बचा लिया, लेकिन लाखन बह गया। इस घटना के बाद अग्निशमन दल के जवानों ने समुद्र में उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। शनिवार दोपहर मरीन पुलिस ने स्वजन को सूचना दी कि लाखन जीवित लौट आया है।

लकड़ी के फ्रेम से बच पाई लाखन की जान

लाखन के हाथ में गणेश प्रतिमा का एक लकड़ी का फ्रेम आ गया। इसके सहारे वह 24 घंटे तक समुद्र में तैरता रहा। शनिवार को वहां से गुजर रही नवदुर्गा नाव के आठ मछुआरों की एक टीम को लाखन नजर आया तो उन्होंने उसे वहां से निकाल लिया। नवसारी के अस्पताल में उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। स्वजन इसे भगवान गणेश का आशीर्वाद मान रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Surat News: नवरात्रि को लेकर लोगों में दिख रहा अलग क्रेज, दांतों पर लगवा रहे हीरे; कीमत सिर्फ इतनी

गुजरात भाजपा अध्यक्ष ने की बच्चे की बहादुरी की प्रशंसा

गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने अस्पताल पहुंचकर बच्चे की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए एक्स पर उसके फोटो शेयर करते हुए लिखा कि 14 साल का लाखन समुद्र किनारे नहाते समय लहरों में बह गया था। समुद्र में उसके हाथ में लकड़ी का एक बड़ा टुकड़ा आ गया। इसके सहारे वह तैरता रहा। 24 घंटे बाद गणदेवी भाट गांव के पास के किनारे पर वह सही सलामत मिल गया।

यह भी पढ़ें- Gujarat: अकाउंट से गायब हुए 13 लाख तो दादा ने मांगी साइबर सेल से मदद, नाबालिग पोते का नाम आते ही चकित रह गए सब