यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ahmedabad Plane Crash: विजय रूपाणी की मौत के बाद लंदन से वापस अहमदाबाद लौटीं उनकी पत्नी, एअरपोर्ट से रोते हुए निकलीं बाहर
12 जून को विजय रूपाणी अपनी पत्नी से मिलने के लिए ही लंदन जा रहे थे। लेकिन उनकी यात्रा अधूरी ...और पढ़ें

HighLights
- गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी की प्लेन क्रैश में मौत
- लंदन में अपनी पत्नी और बेटी से मिलने जा रहे थे विजय रूपाणी
जेएनएन, अहमदाबाद। अहमदाबाद में प्लेन क्रैश में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौत हो गई। वो अपनी पत्नी और बेटी से मिलने के लिए अहमदाबाद से लंदन जा रहे थे। उनकी मौत की खबर से पूरे गुजरात में दुख का माहौल है।
पति की मौत की खबर सुनते ही विजय रूपाणी की पत्नी अंजलिबेन आज लंदन से वापस अहमदाबाद लौट आईं। वो गांधीनगर में स्थित अपने आवास पर पहुंच गई हैं। पति की मौत के बाद अंजलिबेन काफी ज्यादा भावुक नजर आ रही हैं।
पत्नी से मिलने जा रहे थे विजय रूपाणी
12 जून को विजय रूपाणी अपनी पत्नी से मिलने के लिए ही लंदन जा रहे थे। लेकिन उनकी यात्रा अधूरी रह गई और अहमदाबाद एअरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों के बाद ही एअर इंडिया का विमान AI-171 क्रैश हो गया।
जिंदा बचा एक यात्री
इस घटना में विमान में सवार 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो गई। एक यात्री चमत्कारिक तरीके से घटना में जिंदा बच गया। उसने बताया कि उसने सीट बेल्ट लगाए रखा था और उसकी सीट उखड़कर विमान से बाहर आ गई थी, इस वजह से उसकी जान बची।
विजय रूपाणी की पत्नी अंजलि रूपाणी सुबह-सुबह अहमदाबाद एअरपोर्ट पहुंची थीं। विजय रूपाणी ने 3 जून को अपनी पत्नी के साथ विदेश यात्रा के लिए टिकट बुक करा लिए थे। उनकी पत्नी पहले ही लंदन चली गई थीं। विजय रूपाणी पंजाब और गुजरात में उपचुनाव के कारण नहीं जा सके थे।
1206 था लकी नंबर
उनके निधन की तारीख यानी 12 जून या 12-06 से जुड़ा एक संयोग भी सामने आया है। दरअसल, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री 1206 को अपना लकी नंबर मानते थे। 1206 नंबर उनके लिए इतना खास था कि उनकी गाड़ियों का नंबर भी शुरुआत से यही रहा। वहीं, गुरुवार 12 जून को यही नंबर उनके लिए अनलकी साबित हो गया।
विजय रूपाणी की पहली कार और सालों पुरानी स्कूटर का नंबर भी 1206 था। विजय रूपाणी इस नंबर को अपने लिए बेहद शुभ मानते थे। आज भी 1206 नंबर वाली कार और स्कूटर उनके घर के बाहर पार्क है।
12-06 को हुआ उनका निधन
संयोग की बात है कि गुरुवार की तारीख 12-06 थी, जो उनके जीवन का अंतिम दिन बन गया। पंजाब भाजपा प्रमुख सुनील जाखड़ ने बताया कि पूर्व सीएम पंजाब के पार्टी प्रभारी थें। उन्होंने 19 जून को लुधियाना पश्चिम उपचुनाव के कारण 5 जून से 12 जून तक ब्रिटेन की अपनी यात्रा स्थगित कर दी थी।
