होली के है रंग अनेक
जीवन के रंग को खुशियों से भरने वाला, मानव मन को प्रफुल्लित करने वाला, हास्य और उल्लास का पर्व होली भारत में ही नहीं विदेशों में भी अत्यंत धूमधाम से मनाया जाता है। हां, इसका स्वरूप थोड़ा-बहुत अवश्य परिवर्तित हो जाता है। देखें किस देश में यह पर्व किस रूप में मनाया जाता है-
जीवन के रंग को खुशियों से भरने वाला, मानव मन को प्रफुल्लित करने वाला, हास्य और उल्लास का पर्व होली भारत में ही नहीं विदेशों में भी अत्यंत धूमधाम से मनाया जाता है। हां, इसका स्वरूप थोड़ा-बहुत अवश्य परिवर्तित हो जाता है। देखें किस देश में यह पर्व किस रूप में मनाया जाता है-
1. रूस में यह पर्व होली के समान ही मनाया जाता है। 31 मार्च को वहां पर मूर्ख दिवस का आयोजन किया जाता है। भांति-भांति के हास्य एवं महामूर्ख सम्मेलन का आयोजन किया जाता है।
2. जर्मनी के ओल्डबर्ग में इस दिन लड़के-लड़कियां घास-फूस का एक पुतला बनाते है फिर उसे जला देते है। अग्नि समाप्त होने के पश्चात लड़के-लड़किया एक-दूसरे को मुंह चिढ़ाते है। अपने से बड़ों के कपड़ों पर धब्बे लगाते है।
3. रोम में रेडिका नाम से यह त्योहार मई में मनाया जाता है। इस दिन लोग ऊंचे स्थान पर लकड़ियां एकत्र करते है, उन्हे जलाते है, नाचते-गाते है, खुशियां मनाते है। इस अवसर पर आतिशबाजी का भी आयोजन किया जाता है। इटलीवासियों के अनुसार यह समस्त कार्य अन्न की देवी फ्लोरा को प्रसन्न करने के लिए किया जाता है।
4. चीनी भाषा में इसे च्वैजे की संज्ञा दी गयी है। इस दिन लकड़ियों का ढेर लगाकर आग लगाते है। एक-दूसरे पर रंग डालते है। उसके पश्चात रंगबिरंगे वस्त्र पहनकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते है।
5. सुकरात की जन्मभूमि यूनान में यह उत्सव पोल नाम से मनाया जाता है। इस दिन यूनानी देवता टायनोसियस की पूजा की जाती है। लोग आग जलाकर नाचते-गाते है। लोगों की मस्ती देखते ही बनती है।
6. फ्रांस में स्थानीय पर्व गाचो के नाम से होली मनायी जाती है, जिसमें वहां के लोग घास के पुतले जलाकर एक-दूसरे पर रंग डालते हुए मौज-मस्ती करते है।
7. इंग्लैंड में 5 नवंबर को गाइ फॉक्स डे के रूप में होली मनाई जाती है जिसमें वहां के लोग फॉक्स का पुतला जलाते हैं।
8. बेल्जियम में भी कुछ स्थानों पर होली जैसा उत्सव मनाने का रिवाज है। हंसी-खुशी से भरे हुये इस पर्व पर लोग पुराने जूते जलाते है। सब लोग आपस में मिलकर हंसी-मजाक करते है। जो लोग इस उत्सव में शामिल नहीं होते, उनका मुंह रंगकर उन्हे गधा बनाया जाता है और उनका जुलूस निकाला जाता है।
9. अमेरिका में होली जैसे ही एक मस्ती से भरे त्योहार का नाम है होबो। यह त्योहार प्रतिवर्ष 31 अक्टूबर को मनाया जाता है। ऊंटपटांग पोशाकें पहनकर लोग बेहूदगी दर्शाते हैं। जो जितनी अधिक बेहूदगी दर्शाता है वह उतने ही अधिक पुरस्कार पाने का अधिकारी बनता है।
10. अफ्रीका में होली जैसे पर्व को ओगेवा बोंगा कहा जाता है। इस दिन बोंगा नामक जंगली देवता का पुतला जलाया जाता है। इस देवता को प्रिन बोंगा कहते है।
11. पोलैंड में होली को आरशिना के नाम से जाना जाता है। इस अवसर पर फूलों से बनाए गए रंग एक-दूसरे पर डाले जाते है। यह त्योहार समूह रूप में मनाया जाता है।
12. स्वीडन में होली से मिलते-जुलते पर्व को सेंट जॉन की पवित्र तिथि के रूप में मनाने की प्रथा है। इस दिन बच्चे पटाखे छोड़ते है। शाम को पर्वतों पर आग लगायी जाती है।
13. श्रीलंका में होली का त्योहार बिल्कुल भारत के समान ही मनाया जाता है। होली की भांति ही रंग, गुलाल और पिचकारियां सजती है। सब लोग गिले-शिकवे भुलाकर गले मिलते है।
14. पड़ोसी देश बर्मा में होली के त्योहार को तिजान कहा जाता है। पानी के बड़े-बड़े ड्रम भरकर रंग सुगंध भरकर एक-दूसरे पर डाला जाता है।
15. मॉरिशस में यह पर्व बिल्कुल भारत के समान ही मनाया जाता है। यहां पर 15 दिन पूर्व ही इस पर्व की तैयारियां प्रारंभ हो जाती है। रंग, अबीर से पूरा वातावरण ही रंगमय हो जाता है।
16. चेकोस्लावाकिया में होली से मिलते-जुलते पर्व को वेलियाकोनसि कहा जाता है। यहां भी लोग भारत की तरह रंग और गुलाल से होली मनाते है।
जागरण सखी