Movies On 26/11 Attack: मुंबई हमलों पर आधारित हैं ये फिल्में और सीरीज, दर्द-दहशत देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे
Movies On 26/11 Attack साल 2008 में मुंबई में हुए दिल दहला देने वाले आतंकी हमले को आखिर कौन भूल सकता है। 15 साल पहले हुए इस आतंकी हमले ने न सिर्फ भारत बल्कि दुनियाभर को हिलाकर रख दिया था। इस आतंकी हमले पर आधारित कई फिल्में और वेब सीरीज बनी हैं जो उस भयानक मंजर की झलक दिखाती हैं।

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। मुंबई पर हुए आतंकी हमलों को 15 साल हो गए है, मगर इसके ज़ख्म आज भी भरे नहीं हैं। हमले में मारे गए बेकसूरों के परिवार आज भी इसकी टीस महसूस करते हैं, वहीं जिन जांबाजों ने आतंकियों का दिलेरी से सामना किया था, उनकी शहादत को देश सलाम करता है। पूरे देश को झकझोरने वाले मुंबई अटैक्स को पर्दे पर भी दिखाया गया है। हमलों की 15वीं बरसी पर ऐसी ही कुछ फिल्में और सीरीज।
मेजर (Major)
साल 2022 में आई फिल्म मेजर का नाम इस लिस्ट में शामिल है। यह फिल्म मुंबई टेरर अटैक में शहीद हुए मेजर संदीप उन्नीकृष्णन के जीवन को दिखाती है। फिल्म में मेजर संदीप उन्नीकृष्णन के बचपन से लेकर मेजर बनने तक के सफर को दिखाया है। इसी के साथ मुंबई हमले का उन्होंने किस तरह सामना किया, इसके भी दृश्य देखने को मिलते हैं। बता दें, मेजर का निर्देशन शशि किरण टिक्का ने किया है। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।
द अटैक ऑफ 26/11 (The Attack of 26/11)
राम गोपाल वर्मा निर्देशित 2013 की यह फिल्म रोमेल रोड्रिग्स की किताब 'कसाब: द फेस ऑफ 26/11' पर आधारित है। यह किताब 2008 के मुंबई आतंकी हमले के गुनहगार और पुलिस द्वारा जिंदा पकड़ा जाने वाला एकमात्र आतंकवादी अजमल कसाब के बारे में है। फिल्म में शहर और उसके लोगों की दिल दहला देने वाली कहानी दिखाई गई है। नाना पाटेकर ने मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया की भूमिका निभाई है। ये फिल्म वूट पर स्ट्रीम हो रही है।
यह भी पढ़ें- Biopic On Army Officer: शेरशाह से लेकर सैम बहादुर तक, आर्मी हीरोज के जीवन पर आधारित हैं ये बायोपिक फिल्में
होटल मुंबई (Hotel Mumbai)
साल 2019 में आई फिल्म होटल मुंबई 26/11 के आतंकी हमले पर आधारित है। इस फिल्म में एक शेफ की कहानी है, जो अपने होटल में ठहरे गेस्ट को बचाता है। फिल्म में देव पटेल, आर्मी हैमर, नाजनीन बोनादी, अनुपम खेर, टिल्डा कोबम-हर्वे, जेसन इसाक, सुहैल नैय्यर, नागेश भोसले और नताशा लियू बोर्डिज़ो हैं। ये फिल्म ZEE5 पर स्ट्रीम हो रही है।
द ताज महल (The Taj Mahal)
साल 2015 में रिलीज हुई ये फिल्म 2008 के अटैक को दिखाती है। मुंबई के होटल ताज में आतंकी धमाका हुआ था, इस हमले में कई विदेशी नागरिक फंसे थे और इसी को लेकर फिल्म की कहानी बुनी गई। निकोलस साडा के निर्देशन में बनी इस मूवी को यूट्यूब और नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है।
फैंटम (Phantom)
मुंबई हमलों से जुड़ी काल्पनिक कहानियों पर भी फिल्में बनी हैं। इनमें सैफ अली खान और कटरीना कैफ की फैंटम भी शामिल है। इस फिल्म की कहानी हुसैन जैदी की किताब 'मुंबई एवेंजर्स' से ली गई है। कबीर खान के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म इस अटैक का बदला लेने को दिखाती है। साल 2015 में आई एक्शन थ्रिलर फिल्म को कबीर खान ने निर्देशित किया है। फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।
मुंबई डायरीज (Mumbai Diaries)
मुंबई डायरीज, हमलों के दौरान मुंबई के एक सरकारी अस्पताल के अंदर के हालात दिखाती है। निखिल आडवाणी निर्मित सीरीज प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है। इसमें बॉम्बे जनरल अस्पताल के डॉक्टर्स की कहानी को दर्शाया गया है। इस जबरदस्त वेब सीरीज में मोहित रैना लीड रोल में हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।