विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 22, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Box Office: सत्यमेव जयते और गोल्ड का हफ़्ता पूरा, जानिये कौन निकला खरा सोना

By Manoj KhadilkarEdited By:
Published: Wed, 22 Aug 2018 03:37 PM (IST)Updated: Thu, 23 Aug 2018 12:10 PM (IST)

गोल्ड और सत्यमेव जयते ने एक हफ़्ते में मिलकर 150 करोड़ भी नहीं कमाये, फिर भी ये फिल्म कमाई के मामले में थोड़ी आगे रही l

Box Office: सत्यमेव जयते और गोल्ड का हफ़्ता पूरा, जानिये कौन निकला खरा सोना
Box Office: सत्यमेव जयते और गोल्ड का हफ़्ता पूरा, जानिये कौन निकला खरा सोना

मुंबई। शुक्रवार की परंपरागत रिलीज़ से दो दिन पहले ही यानि बुधवार 15 अगस्त को सिनेमाघरों में आ गई जॉन अब्राहम-मनोज बाजपेई की सत्यमेव जयते और अक्षय कुमार की गोल्ड का एक हफ़्ता पूरा हो गया है और मामला बस उन्नीस-बीस वाला ही रहा है।

मिलाप मिलान ज़वेरी के निर्देशन में भ्रष्टाचार मिटाने की कहानी पर बनी जॉन अब्राहम और मनोज बाजपेई की फिल्म सत्यमेव जयते ने सात दिनों में 64 करोड़ 46 लाख रूपये का कलेक्शन किया है। इस फिल्म ने अपनी रिलीज़ के सातवें दिन घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर तीन करोड़ 79 लाख रूपये की कमाई की। फिल्म के पिछले दिनों में कलेक्शन कमजोर हुए हैं और इसका सीधा असर सत्यमेव जयते के लाइफ़ टाइम कलेक्शन पर पड़ सकता है। आने वाले वीकेंड में अगर फिल्म 80 से 90 करोड़ रूपये के ब्रेकेट में आती है तो इसे बेहतर प्रदर्शन माना जा सकता है। सत्यमेव जयते ने 20 करोड़ 52 लाख रूपये से ओपनिंग ली थी लेकिन उस दिन 15 अगस्त की छुट्टी और बुधवार था। फिल्म को शुक्रवार को 10 करोड़ 26 लाख रूपये मिले थे। पहले वीकेंड में फिल्म ने 28 करोड़ 47 लाख रूपये का कलेक्शन किया है।

करीब 2000 स्क्रीन्स में रिलीज़ हुई और एडल्ट सर्टिफिकेट पाने के बाद भी सत्यमेव जयते का अब तक का प्रदर्शन सराहनीय रहा था लेकिन ये पेस आगे कितना मेंटेन होगा ये देखना होगा । जॉन अब्राहम और मनोज बाजपेई की सत्यमेव जयते भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अपनी तरह की जंग है। फिल्म में एक ईमानदार पुलिसवाले के दो बेटे हैं। एक बड़ा हो कर पुलिस ऑफिसर बनता है और दूसरा अपराधी, जिसका काम भ्रष्ट पुलिसवालों को ज़िंदा जला देना। दो भाइयों की इस जंग में भ्रष्टाचार को मिटाने के दो अलग अलग तरीके जस्टिफाई किये गए हैं। इस फिल्म से नेहा शर्मा की बहन आयशा ने अपना डेब्यू किया है ।

उधर रीमा कागती के निर्देशन में बनी फिल्म गोल्ड ने घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर अपने पहले हफ़्ते में 79 करोड़ 30 लाख रूपये का कलेक्शन किया है। ज़्यादा स्क्रीन्स और अक्षय कुमार जैसे ब्रांड के सहारे गोल्ड, सत्यमेव जयते से आगे रही है। फिल्म ने सातवें दिन करीब चार करोड़ का कलेक्शन किया। अक्षय कुमार की इस फिल्म ने पहले दिन 25 करोड़ 25 लाख रूपये का कलेक्शन किया था । शुक्रवार को गोल्ड की कमाई 10 करोड़ 10 लाख रूपये हुई थी । हॉकी के सुनहरे अतीत की कहानी पर बनी फिल्म गोल्ड ने पहले वीकेंड में 37 करोड़ 95 लाख रूपये का कलेक्शन किया था । इस हफ़्ते के बाकी बचे दो दिन और अगले वीकेंड को मिला कर गोल्ड को 100 करोड़ तक पहुँचने का चांस है और ट्रेंड भी बेहतर शो कर रहा है।

करीब 80 करोड़ रूपये में बनी और 3000 से अधिक स्क्रीन्स में रिलीज़ हुई गोल्ड इस साल की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है और अक्षय कुमार के करियर में पहले दिन सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म । फिल्म की कहानी साल 1948 में लंदन में हुए ओलम्पिक गेम्स में भारतीय हॉकी टीम के स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में हॉकी का पहला ओलम्पिक गोल्ड लाने की कहानी है। गोल्ड में अक्षय कुमार उसी भारतीय हॉकी टीम के ज्वॉइंट मैनेजर तपन दास की भूमिका में हैं। साथ में मौनी रॉय, कुणाल कपूर, विनीत कुमार सिंह और अमित साध भी हैं।

यह भी पढ़ें: Box Office: इस हफ़्ते हैप्पी फिर भागेगी, पर क्या इतनी कमाई लायेगी