Move to Jagran APP

Raj Kapoor Death Anniversary: 11 की उम्र में शुरू किया करियर, 24 साल में बनाया स्टूडियो, विदेशों तक गूंजा नाम

Raj Kapoor Death Anniversary राज कपूर का हिंदी सिनेमा में एक बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने दशकों तक राज किया और इंडस्ट्री को कई बेहतरीन फिल्मों से नवाजा। आइए आपको उनके शानदार करियर के बारे में बताते हैं।

By Jagran NewsEdited By: Manoj VashisthPublished: Wed, 31 May 2023 06:49 PM (IST)Updated: Wed, 31 May 2023 06:49 PM (IST)
raj kapoor established his studio at the age of 24 and became director- Photo/Raj Kapoor FC Instagram

नई दिल्ली, जेएनएन। Raj Kapoor Death Anniversary: 14 दिसंबर 1924 को पाकिस्तान के पेशावर में जन्मे राज कपूर अपने पिता पृथ्वीराज कपूर (Prithviraj Kapoor) के नक्शेकदम पर चले और इंडस्ट्री में अपनी एक अमिट छाप छोड़ी।

राज कपूर ने अपने सिनेमा से कई पीढ़ियों को प्रभावित किया और इसके सफर में वो एक अहम पड़ाव बने। भारतीय सिनेमा में राज कपूर का योगदान सिर्फ अभिनय तक सीमित नहीं है, उन्होंने इस क्राफ्ट को एक आकार देने में अहम भूमिका निभायी। अभिनय उन्हें भले ही विरासत में मिला, मगर इसके प्रति जज्बा उनका अपना था और इसी जज्बे ने हिंदी सिनेमा को 'राज' दिया।

6 भाई-बहनों में सबसे बड़े राज कपूर (Raj Kapoor) को इंडस्ट्री के 'द शो मैन' कहा जाता था। उनके भाई शम्मी कपूर और शशि कपूर ने भी अपने अभिनय से दशकों तक प्रभावित किया, मगर राज कपूर जैसा मुकाम हासिल नहीं हुआ। हालांकि, थिएटर में शशि कपूर का योगदान काफी बड़ा माना जाता है।

Raj Kapoor with Shashi Kapoor Photo- Instagram/Raj Kapoor FC

राज कपूर ने 11 की उम्र में शुरू किया था करियर

राज कपूर ने महज 11 साल की उम्र में ही इंडस्ट्री में काम करना शुरू कर दिया था। वह पहली बार फिल्म 'इंकलाब' (1935) में दिखाई दिए थे। उन्हें पहला ब्रेक साल 1947 में आई फिल्म 'नील कमल' में बतौर लीड एक्टर मिला।

इसमें उन्होंने खूबसूरत अदाकारा मधुबाला के साथ स्क्रीन शेयर किया था, जिन्होंने इस फिल्म से डेब्यू किया था। फिल्मी दुनिया में कदम रखे राज को सिर्फ एक साल हुआ था और उन्होंने 1948 में महज 24 साल की उम्र में अपना स्टूडियो खोल दिया था, जिसका नाम आरके फिल्म्स है।

आरके स्टूडियो एक तरह से हिंदी सिनेमा को सौगात था, जिसने कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों की झड़ी लगा दी। क्या आप जानते हैं कि राज कपूर की फिल्म 'बरसात' में उनका नरगिस के साथ एक सीन था, जिसमें वह आइकॉनिक एक्ट्रेस को अपनी बाहों में लिए हुए पोज दे रहे थे। राज कपूर ने इसी को अपने आरके स्टूडियो का लोगो बना दिया था। 

R.K Studio Logo- Photo/Facebook

फिलहाल, आरके स्टूडियो में आग लगने की वजह से इसे 2019 में गोदरेज प्रॉपर्टीज को बेच दिया गया था।

राज कपूर की पहली फिल्म कौन सी है?

राज कपूर अपने समय के सबसे यंग डायरेक्टर रहे। उनकी डायरेक्शन में बनी पहली फिल्म 'आग' थी, जिसमें उन्होंने खुद ही लीड रोल प्ले किया था और उनके अपोजिट कैरेक्टर में नरगिस थीं। कम उम्र में इंडियन सिनेमा में तहलका मचा रहे राज कपूर की पहली ब्लॉकबस्टर फिल्म थी 'अंदाज', जिसमें उन्होंने दिलीप कुमार के साथ स्क्रीन शेयर किया था।

Raj Kapoor with Dilip Kumar Photo- Instagram/Raj Kapoor FC

राज कपूर के निर्देशन में बनी पहली हिट फिल्म कौन सी है?

राज कपूर ने कई फिल्मों को प्रोड्यूस और डायरेक्ट किया। उनके निर्देशन में बनी पहली हिट फिल्म 'बरसात' (1949) थी। इसके बाद उन्होंने कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया, जिनमें 'आवारा' (1951), 'श्री 420' (1955), 'चोरी चोरी' (1956), 'अनाड़ी' (1956), 'छलिया' (1960) और 'तीसरी कसम' (1963), 'मेरा नाम जोकर' (1970), 'बॉबी' (1973), 'सत्यम शिवम सुंदरम' (1978), 'प्रेम रोग' (1982), 'राम तेरी गंगा मैली' (1985) जैसी फिल्मों में अभिनय, निर्माण और निर्देशन किया।

राज कपूर की कौन सी फिल्म 'कांस' में हुई थी नॉमिनेट?

कड़ी मेहनत के दम पर राज कपूर ने 9 फिल्मफेयर अवॉर्ड्स अपने नाम किए। उनकी 'आवारा' (1951) और 'बूट पोलिश' (1954) जैसी फिल्में 'कांस फिल्म फेस्टिवल' में पाल्मे डी'ओर के लिए नॉमिनेटेड भी हो चुकी हैं। फिल्म 'आवारा' में राज कपूर की परफॉर्मेंस को इतना पसंद किया गया कि उन्हें टाइम मैगज़ीन द्वारा 'द टॉप टेन परफॉर्मेंसेज ऑफ़ ऑल टाइम्स' में नंबर वन पॉजिशन मिला था। हिंदी सिनेमा में अपने उम्दा काम के लिए राज कपूर को 1971 में पद्म भूषण और 1988 में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

Raj Kapoor Photo- Instagram/Raj Kapoor FC

कैसे हुआ था राज कपूर का निधन?

2 जून 1988 को 63 साल की उम्र में अस्थमा के बिगड़ने से राज कपूर का निधन हो गया था। उनकी सिनेमाई विरासत बाद में बेटों ऋषि कपूर, रणधीर कपूर और राजीव कपूर ने सम्भाली, मगर बेटियां रीमा कपूर (जैन) और रितु कपूर (नंदा) फिल्म इंडस्ट्री से दूर ही रहीं। ऋषि, राजीव और रितु अब इस दुनिया में नहीं हैं। रणबीर कपूर, करीना कपूर और करिश्मा कपूर उनके पोता-पोती हैं।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.