Pathaan Trailer Twitter Reactions: रिलीज हुआ पठान का धमाकेदार ट्रेलर, क्या इम्प्रेस हुए शाह रुख के फैंस?
Pathaan Trailer Twitter Reactions शाह रुख खान और दीपिका पादुकोण की मोस्ट अवेटेड फिल्म पठान का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। चार साल बाद स्क्रीन पर लौट रहे किंग खान की फिल्म के धमाकेदार ट्रेलर ने ऑडियंस को इम्प्रेस किया या नहीं। यहां पढ़ें पूरा रिव्यू।

नई दिल्ली, जेएनएन। #PathaanTrailer: शाह रुख खान इन दिनों लगातार अपनी फिल्म 'पठान' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म के साथ बॉलीवुड के किंग चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। यशराज बैनर तले बनी इस स्पाई थ्रिलर फिल्म के पोस्टर्स और गानों को देखने के बाद ऑडियंस बड़ी ही बेसब्री से शाह रुख और दीपिका पादुकोण स्टारर फिल्म 'पठान' का इंतजार कर रहे थे। फाइनली ये इंतजार खत्म हो चुका है और मोस्ट अवेटेड फिल्म का ट्रेलर दर्शकों के सामने आ चुका है। इस ट्रेलर के आते ही सोशल मीडिया पर शाह रुख खान के फैंस और कई यूजर्स एक्टिव हो गए हैं। फैंस शाह रुख खान के परफॉर्मेंस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया जाहिर कर रहे हैं।
क्या 'पठान' के ट्रेलर को देखकर इम्प्रेस हुए फैंस
शाह रुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम स्टारर फिल्म 'पठान' का ट्रेलर आते ही छा गया है। चार साल बाद स्क्रीन पर लौट रहे शाह रुख खान को एक्शन अवतार में लोग बेहद ही पसंद कर रहे हैं। इसी के साथ सोशल मीडिया पर लोग जॉन अब्राहम की तारीफ करते भी नहीं थक रहे हैं। एक यूजर ने पठान का ट्रेलर सामने आने के बाद ट्वीट करते हुए लिखा, 'जीरो की रिलीज से पठान का ट्रेलर आने तक, 4 साल 20 दिन और 35,544 घंटे और 2,132,640 मिनट हो गए हैं'। दूसरे यूजर ने लिखा, 'किंग बॉलीवुड को सुरक्षित करने के लिए लौट रहा है'।
सोशल मीडिया पर लोग 'पठान' पर लुटा रहे हैं प्यार
शाह रुख खान और दीपिका पादुकोण स्टारर इस फिल्म पर प्यार लुटाने से फैंस बिलकुल भी पीछे नहीं है। यू-ट्यूब पर अब तक इस ट्रेलर को 1 घंटे के अन्दर ही तीन मिलियन व्यूज मिल चुके हैं। एक अन्य यूजर ने ट्रेलर को देखने के बाद उसके नीचे कमेंट करते हुए लिखा, 'ये एक सपने की तरह लग रहा है। शाह रुख खान का ट्रेलर चार साल बाद'। एक फैन ने बॉलीवुड के बादशाह पर प्यार लुटाते हुए लिखा, 'एक सोल्जर ये नहीं पूछता कि देश ने उसके लिए क्या किया, पूछता है वह देश के लिए क्या कर सकता है। ये लाइंस रोंगटे खड़ा कर देने वाली हैं'।
रिलीज से पहले विवादों में घिरी पठान
आपको बता दें कि पठान रिलीज से पहले ही अपने गाने 'बेशरम रंग' को लेकर ट्रोल्स के निशाने पर आ चुकी है। इतना ही नहीं दीपिका पादुकोण द्वारा 'बेशरम रंग' गाने में पहनी गई भगवा बिकिनी ने सोशल मीडिया पर ऐसा बवाल मचाया जिसके बाद कई राज्यों में फिल्म को लेकर विरोध प्रदर्शन हुआ। शाह रुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म के प्रति बढ़ते हुए विरोध को देखकर सीबीएफसी ने मेकर्स से गाने में कुछ चीजें चेंज करने को कही। शाह रुख खान और दीपिका पादुकोण स्टारर ये फिल्म 25 जनवरी 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म में जॉन अब्राहम विलेन की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।