5 शादियां, फिर भी रहीं अकेली... पाकिस्तान से आईं थीं भारत; 3 दशक अमीरी के बाद देखी गरीबी; 'लारा लप्पा' गर्ल की कहानी
सिनेमा जगत की वो हसीन अदाकारा जिनकी रईसी के चर्चे होते थे, लेकिन आखिरी वक्त में उनका अंतिम संस्कार दान के पैसों से करना पड़ा था।

सिनेमा पर राज करने वालीं लारा लप्पा गर्ल। फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम
HighLights
नसीब से लारा लप्पा गर्ल बनीं एक्ट्रेस
पाकिस्तान से भारत आकर कमाया था नाम
पांच शादी करने वाली एक्ट्रेस की दास्तां
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। कभी-कभी कुछ लोग किस्मत से सिनेमा के चमकते सितारे बन जाते हैं। 40s में भी एक पाकिस्तानी एक्ट्रेस के साथ ऐसा ही हुआ था। वह पाकिस्तान से भारत सिर्फ बहन से मिलने आई थीं और एक रात में उनकी किस्मत ने एक बड़ा टर्न लिया और वह सिनेमा की स्टार बन गईं।
हम बात कर रहे हैं लारा लप्पा गर्ल के नाम से मशहूर हुईं एक्ट्रेस मीना शौरी (Meena Shorey) की जो कभी सिनेमा की सुपरस्टार हुआ करती थीं। मगर उनका आखिरी वक्त तन्हाई में गुजरा। उनका असली नाम खुरशीद बेगम था। वह कैसे खुरशीद से मीना शौरी और लारा लप्पा गर्ल बनीं, यहां उनकी निजी जिंदगी पर एक नजर डालिए...
कौन थीं एक्ट्रेस मीना?
17 नवंबर 1921 को ब्रिटिश इंडिया के पंजाब में जन्मीं खुरशीद बेगम चार-भाई बहनों में दूसरे नंबर पर थी। पिता कभी जमींदार हुआ करते थे। उन्होंने बिजनेस करने की भी सोची लेकिन सब पैसे डूब गए और गुजारा करना मुश्किल हो गया। खुरशीद अपने परिवार के साथ लाहौर चली गईं। कहा जाता है कि खुरशीद के पिता उन्हें और उनके भाई-बहनों व मां को पीटा करते थे।

कैसे फिल्मों में आईं मीना?
खुरशीद ने कभी नहीं सोचा था कि वह एक्टिंग की दुनिया में जाएंगी लेकिन किस्मत उन्हें बॉलीवुड में खींच लाई। जब खुरशीद अपनी बहन के पास मुंबई आईं तो वह अपने जीजा के साथ सोहराब मोदी की फिल्म सिकंदर के लॉन्च में शामिल हुईं। जैसे ही सोहराब मोदी की नजर खुरशीद पर पड़ीं, उन्होंने तुरंत खुरशीद को 'सिकंदर' में तक्षशिला के राजा की बहन का एक छोटा सा किरदार ऑफर कर दिया।
इस फिल्म ने बनाया था सुपरस्टार
सोहराब ने ही उन्हें खुरशीद से मीना बनाया था। उन्होंने ही एक्ट्रेस का यह नाम रखा था। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया। मगर उन्हें असली पहचान 1949 में आई फिल्म 'एक थी लड़की' (Ek Thi Ladki) से मिली। फिल्म में उन्होंने मोतीलाल के साथ स्क्रीन शेयर किया था। इस फिल्म ने उन्होंने 'नई और आजाद ख्यालों वाली' युवा महिलाओं के लिए एक 'आइकन' बना दिया।
बॉलीवुड ने दिया था नया नाम
'एक थी लड़की' के सारे गाने भी खूब हिट हुआ था। एक गाना 'लारा लप्पा' (Lara Lappa) का क्रेज उस दौर में इतना तगड़ा हो गया था कि एक्ट्रेस 'लारा लप्पा गर्ल' कही जाने लगी थीं। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया जिसमें 'अनमोल रत्न', 'एक दो तीन', 'आग का दरिया' और 'जलवा' फिल्में शामिल हैं।

मीना शोरी हिंदी सिनेमा की सुपरस्टार बन गई थीं। 50s की क्वीन मीना बॉलीवुड में शोहरत हासिल करने के बाद 1956 में पाकिस्तान चली गई थीं और वहां फिल्मों में काम करने लगी थीं। फिल्मी दुनिया में उन्होंने जबतक काम किया, खूब नाम-पैसा कमाया और जिंदगी शान-ओ-शौकत से गुजारी। मगर उनका आखिरी वक्त गरीबी में बीता।
6 महीने में ही टूटी थी पहली शादी
मीना शोरी ने अपनी जिंदगी में पांच शादियां कीं। उनकी पहली शादी डायरेक्टर-प्रोड्यूसर जहूर रजा से हुई जिनसे उनका 6 महीने में ही तलाक हो गया था। दोनों सिकंदर के सेट पर मिले थे और उन्हें एक-दूसरे से प्यार हो गया था। मगर उनका निकाह 6 महीने ही चल पाया।
पाकिस्तान जाकर बस गई थीं एक्ट्रेस
जहूर रजा से अलगहोने के बाद उन्होंने को-स्टार अल नसीर से शादी थी। मीना की तीसरी शादी रूप के शोरी से हुई थी जिनके साथ एक्ट्रेस 1956 में काम के सिलसिले में पाकिस्तान भी गई थीं। हालांकि, मीना वहीं रह गईं और रूप के शोरी भारत आ गए। दोनों ने भले ही अपने रास्ते अलग कर लिए थे, लेकिन मीना ने आखिरी दम तक उनका सरनेम अपने नाम के आगे जोड़े रखा।

पांच शादियों के बाद भी तन्हा रहा जीवन
मीना ने चौथी शादी पाकिस्तानी प्रोड्यूसर रजा मीर से शादी की। उनकी पांचवी शादी असद बोखारी के साथ हुई थी। मीना के कुल तीन बच्चे थे- दो बेटे और एक बेटी (गोद ली हुई)। पांच शादियों के बावजूद मीना का आखिरी वक्त गरीबी में बीता। कोई भी पार्टनर उनके साथ नहीं खड़ा रहा। ऐसा कहा जाता है कि चंदा के पैसों से उनका अंतिम संस्कार करना पड़ा था। उन्होंने 9 फरवरी 1989 को पाकिस्तान में आखिरी सांस ली थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।