विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिवंगत अभिनेत्री निम्मी के केयरटेकर पर कसा शिकंजा, करोड़ों की संपत्ति हड़पने और धोखाधड़ी का मामला दर्ज

Published: Mon, 16 Nov 2026 02:15 PM (GMT+05:30)

दिवंगत अभिनेत्री निम्मी के केयरटेकर असरार अहमद शेख के खिलाफ करोड़ों की संपत्ति हड़पने और धोखाधड़ी के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

अभिनेत्री के केयरटेकर पर दर्ज हुई एफआईआर

अभिनेत्री के केयरटेकर पर दर्ज हुई एफआईआर

HighLights

  1. निम्मी के केयरटेकर असरार अहमद शेख पर FIR

  2. करोड़ों की संपत्ति हड़पने और धोखाधड़ी का आरोप

  3. सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज हुई

एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। बॉलीवुड की दिवंगत दिग्गज अभिनेत्री निम्मी (Nimmi) के लंबे समय तक केयरटेकर रहे असरार अहमद शेख के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। उन पर पैसे की हेराफेरी करने और करोड़ों रुपये की उनकी संपत्तियों पर कब्जा करने की कोशिश करने का आरोप है।

यह शिकायत 11 नवंबर को मुंबई के सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी ने दर्ज कराई थी। वे सलमा नेल्डी परवीन के रिश्तेदार हैं और उनके पास 'पावर ऑफ अटॉर्नी' है। सलमा नेल्डी परवीन, निम्मी के दिवंगत दत्तक पुत्र अली सैयद परवेज की पत्नी हैं। बता दें कि निम्मी का साल 2020 में निधन हो गया था।

पति की मौत के बाद खोला था ज्वाइंट अकाउंट

एफआईआर के अनुसार, 2007 में अपने पति की मौत के बाद अभिनेत्री ने शेख के साथ जॉइंट बैंक अकाउंट खोले और अपने सभी वित्तीय लेन-देन की जिम्मेदारी उसे सौंप दी। दुर्रानी का दावा है कि अभिनेत्री ने एक वसीयत बनाई थी, जिसमें उन्होंने बैंक अकाउंट में मौजूद 1.77 करोड़ रुपये और अपने दोनों फ्लैट, अपनी बहन शबाना बानो के बेटे अली सैयद परवेज के नाम कर दिए थे।

Nimmi (1)

निम्मी उसे अपने ही बेटे की तरह मानती थीं। परवेज, जो UK में रहते थे उनका दिसंबर 2020 में निधन हो गया। जब दुर्रानी ने उनकी पत्नी सलमा परवीन को शेख की कथित गड़बड़ियों के बारे में बताया, तो उन्होंने दुर्रानी को 'पावर ऑफ अटॉर्नी' दे दी। दुर्रानी ने बताया कि परवीन ने उन्हें इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने के लिए अधिकृत किया था, क्योंकि वह बार-बार भारत नहीं आ सकती थीं।

एफआईआर में क्या-क्या लगाए गए आरोप?

दुरानी ने आरोप लगाया कि पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद शेख उनके पास आया और उसने फ्लैट बेचकर मिलने वाली रकम को आपस में बराबर-बराबर बांटने का प्रस्ताव दिया। दुरानी ने एफआईआर में यह भी कहा है कि शेख ने निम्मी की मारुति सुजुकी सियाज कार भी बेच दी और उससे मिली रकम का इस्तेमाल अपने निजी कामों के लिए कर लिया।

Nimmi (2)

अब इस शिकायत के आधार पर, पुलिस ने 11 नवंबर को शेख के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी और बेईमानी से संपत्ति सौंपने के लिए प्रेरित करना) और भारतीय दंड संहिता (IPC) की अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की। IPC का इस्तेमाल इसलिए किया गया क्योंकि कथित अपराध भारतीय न्याय संहिता (BNS) के लागू होने से पहले के हैं।

निम्मी कौन थीं?

नवाब बानो के नाम से जन्मीं निम्मी, 1940 और 1950 के दशक में हिंदी सिनेमा की एक जानी-मानी अभिनेत्री थीं। उन्हें राज कपूर और दिलीप कुमार जैसे दिग्गज अभिनेताओं के साथ फिल्मों में अपने अभिनय के लिए जाना जाता था। उनकी कुछ प्रमुख फिल्मों में 'बरसात', 'आन', 'उड़न खटोला' और 'मेरे महबूब' शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- 'स्विमसूट' के चलते रेडियो पर बैन हुआ Lata Mangeshkar का गाना, एक क्लर्क की गलती ने किया था बड़ा ब्लंडर!

यह भी पढ़ें- प्यार में वफादारी सिखाता है Mumtaz का ये कल्ट क्लासिक सॉन्ग, 53 साल बाद भी लता मंगेशकर की आवाज में है अमर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।