वाजिद खान की पहली पुण्यतिथि पर साजिद खान ने शेयर किया अनदेखा वीडियो, बोले- 'तुम्हारे जाते ही...'
बीते साल वाजिद खान के निधन के बाद उनके भाई साजिद खान टूट चुके थे। साजिद वाजिद की जोड़ी को इसी नाम से जाना जाता था। वहीं भाई की मौत के बाद साजिद ने अपना सरनेम भी बदलकर वाजिद ही रख लिया।

नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड के मशहूर म्यूजिक कंपोजर वाजिद खान के निधन को आज (01 जून 2021) पूरा एक साल हो गया है। लेकिन वाजिद का परिवार और उनके दोस्त उन्हें अब तक भूल नहीं पाए हैं। वाजिद खान की पहली पुण्यतिथि के मौके पर उनके भाई म्यूजिक कंपोजर साजिद ने उनका एक अनदेखा वीडियो शेयर किया है।
बीते साल वाजिद खान के निधन के बाद उनके भाई साजिद खान टूट चुके थे। साजिद वाजिद की जोड़ी को इसी नाम से जाना जाता था। वहीं भाई की मौत के बाद साजिद ने अपना सरनेम भी बदलकर वाजिद ही रख लिया। वहीं वाजिद खान की पहली पुण्यतिथि पर साजिद ने उनका एक अनदेखा वीडियो शेयर किया है। जिसे देख वाजिद के फैंस भी काफी इमोशनल हो रहे हैं।
साजिद खान ने जो वीडियो शेयर किया है इसमें साजिद वाजिद दोनों कार में बैठे हैं। उनके साथ एक शख्स और बैठा है। वाजिद आगे की सीट पर बैठे हैं और बैकग्राउंड में चल रहे गाने को एंजॉय कर रहे हैं। वीडियो को शेयर करते हुए साजिद ने कैप्शन में लिखा, 'तुम क्या चले गए तुम्हारे साथ जीने का मजा ही चला गया। मिस यू मेरे भाई वाजिद लव यू हमेशा।'
इस वीडियो को देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि वाजिद खान कितने जिंदादिल व्यक्ति थे। इस वीडियो को पर वाजिद के चाहने वाले और दोस्त उन्हें याद कर रहे हैं। सभी कमेंट कर वाजिद खान को याद कर इमोशनल हो रहे हैं।
बता दें कि बॉलीवुड में साजिद-वाजिद भाईयों की जोड़ी काफी मशहूर थी। उन्होंने सबसे पहले 1998 में सलमान खान की फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' के लिए संगीत दिया था। इसके अलावा उन्होंने साल 1999 में सोनू निगम की एल्बम 'दीवाना' के लिए संगीत दिया, जिसमें 'दीवाना तेरा', 'अब मुझे रात दिन' और 'इस कदर प्यार है' जैसे गाने शामिल थे। इसके साथ ही उन्होंने फिल्म 'हैलो ब्रदर' के लिए संगीत निर्देशकों के रूप में काम किया और 'हटा सावन की घाटा', 'चुपके से कोई और' और 'हैलो ब्रदर' जैसे गाने लिखे थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।