Rohit Shetty: पिता ही नहीं रोहित शेट्टी की मां भी थीं एक बेहतरीन स्टंट वुमन, हेमा मालिनी संग कर चुकी हैं काम
Rohit Shetty आज के समय में किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर कई ब्लॉकबस्टर फिल्में की हैं। रोहित शेट्टी को पिता एमबी शेट्टी से एक्शन और स्टंट की कला मिली लेकिन आपको ये शायद ही पता होगा कि उनकी मां भी एक बेहतरीन स्टंट वुमन थीं।

नई दिल्ली, जेएनएन। रोहित शेट्टी आज के समय में बॉलीवुड के सबसे बेहतरीन और बड़े निर्देशकों में से एक हैं। उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर सिंघम, सिंबा और गोलमाल जैसी जबरदस्त फिल्में दी हैं। इन दिनों रोहित शेट्टी कलर्स के शो 'खतरों के खिलाड़ी' सीजन 12 को होस्ट करते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि रोहित शेट्टी ने बॉलीवुड में बतौर निर्देशक अपनी जगह बनाने के लिए कड़ा संघर्ष किया है। रोहित शेट्टी के पिता एमबी शेट्टी अपने जमाने के मशहूर स्टंटमैन रहे हैं। उन्होंने 70 के दशक में कई फिल्मों में शानदार स्टंट किए। लेकिन ये बात शायद बहुत ही कम लोग जानते होंगे कि सिर्फ रोहित शेट्टी के पिता ही नहीं, बल्कि उनकी मां रत्ना शेट्टी भी अपने जमाने की बेहतरीन स्टंट वुमन रह चुकी हैं और रोहित शेट्टी को स्टंट और एक्शन की कला अपने पिता से ही नहीं, बल्कि अपनी मां से भी मिली है।
रोहित शेट्टी की मां रत्ना शेट्टी भी फिल्मों में करती थीं स्टंट
रोहित शेट्टी की मां रत्ना शेट्टी ने 70 के दशक की कई फिल्मों में सिर्फ स्टंट्स ही नहीं किए, बल्कि वह फिल्म शोले में हेमा मालिनी का बॉडी डबल भी कर चुकी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो जब रोहित शेट्टी के पिता एमबी शेट्टी का निधन हुआ था तो उसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी रोहित शेट्टी की मां पर आ गई थी, जिसके बाद अपने परिवार का लालन पालन करने के लिए रत्ना शेट्टी ने बड़े परदे पर कई छोटे-मोटे किरदार निभाए, यहां तक कि उन्होंने कई फिल्मों में जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर भी काम किया ।
Photo Credit: Twitter
पति एमबी शेट्टी द्वारा कोरियोग्राफ किए गए स्टंट्स करती थीं रत्ना शेट्टी
रत्ना शेट्टी ने जिन फिल्मों में जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर काम किया उन फिल्मों में 'दरार, बड़े घर की बेटी, यार गद्दार जैसी फिल्में शामिल हैं। इतना ही नहीं सीता और गीता में भी रत्ना शेट्टी ने एक छोटी सी भूमिका निभाई थी। इसके अलावा रत्ना शेट्टी हमेशा अपने पति एमबी शेट्टी द्वारा कोरियोग्राफ किए गए स्टंट्स को खुद की करती थीं। लोग जब रत्ना शेट्टी को स्टंट करते हुए देखते थे तो उनकी तारीफ करते हुए नहीं थकते थे। दोनों की जोड़ी लोगों को खूब पसंद आती थी। एमबी शेट्टी ने 700 से ज्यादा फिल्मों में काम किया, जिसमे हिंदी के अलावा कन्नड़ भाषा भी शामिल है।
View this post on Instagram
खतरों के खिलाड़ी को होस्ट कर रहे हैं रोहित शेट्टी
रोहित शेट्टी इन दिनों कलर्स के स्टंट बेस्ड रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' सीजन 12 को होस्ट कर रहे हैं । टीआरपी लिस्ट में पहले ही हफ्ते में ये शो दूसरे नंबर पर आ चुका है । इसके अलावा रोहित शेट्टी अमेजन प्राइम पर रोहित शेट्टी अपनी कॉप सीरीज लेकर आ रहे हैं । इसके अलावा सिंबा के बाद उनकी और रणवीर की जोड़ी फिल्म 'सकर्स' के साथ एक बार फिर से स्क्रीन पर धमाल मचाने के लिए आ रही है ।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।