Deepika Padukone Controversies: 'पठान' से पहले दीपिका की इन फिल्मों को लेकर भी मचा खूब बवाल
Deepika Padukone Controversies दीपिका पादुकोण ने शाह रुख खान के साथ ओम शांति ओम फिल्म से डेब्यू किया था। पठान शाह रुख के साथ दीपिका की चौथी फिल्म है। सिद्धार्थ आनंद निर्देशित फिल्म में जॉन अब्राहम नेगेटिव रोल में दिखेंगे।

नई दिल्ली, जेएनएन। दीपिका पादुकोण इन दिनों अपनी फिल्म पठान को लेकर विवादों में हैं। फिल्म के बेशरम रंग गाने में दीपिका की बिकिनी के भगवा रंग को लेकर सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक बवाल मचा हुआ है। अलग-अलग राज्यों में उनके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किये गये। राजनेताओं की टीका टिप्पणियां हुईं।
धमकी, चेतावनियां दी गयीं और आखिरकार सेंसर बोर्ड ने भी फिल्म के गाने में बदलाव करने के निर्देश निर्माताओं को दिये। हालांकि, शाह रुख खान के फैंस में पठान को लेकर जबरदस्त उत्साह है, जिसका अंदाजा सोशल मीडिया की हलचल से लगाया जा सकता है, जहां विवाद और प्रमोशन साथ-साथ चल रहे हैं।
पठान 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस सबके बीच 5 जनवरी को दीपिका पादुकोण अपना 37वां जन्मदिन मनाएंगी। अगर उनके करियर पर नजर डालें तो एक संयोग नजर आता है। जिन फिल्मों में दीपिका की परफॉर्मेंस को सराहा गया, वो विवादों में भी खूब फंसी।
यह भी पढ़ें: Alia Bhatt की गंगूबाई काठियावाड़ी से लेकर श्रीदेवी की इंग्लिश-विंग्लिश तक, महिलाओं के हक पर बनीं ये फिल्में
छपाक
2020 में यह फिल्म 10 जनवरी को रिलीज हुई थी। इस फिल्म के साथ दीपिका ने बतौर निर्माता डेब्यू किया था। छपाक की कहानी एसिड अटैक सरवाइवर लक्ष्मी अग्रवाल पर आधारित थी। इस फिल्म में दीपिका ने लक्ष्मी का किरदार मालती खुद निभाया था। छपाक में लक्ष्मी पर एसिड फेंकने वाले शख्स के नाम को लेकर विवाद हुआ था। सोशल मीडिया के जरिए दावा किया गया था कि लक्ष्मी पर एसिड अटैक करने वाला शख्स मुस्लिम था, मगर फिल्म में उसका नाम बदलकर राजेश कर दिया गया था। इसको लेकर खूब बवाल हुआ, मगर पीटीआई की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि राजेश, मालती के ब्वॉयफ्रेंड का नाम था, जबकि एसिड फेंकने वाले का नाम फिल्म में बशीर बब्बू खान था। इसके अलावा फिल्म की रिलीज से पहले दीपिका का जेएनयू का दौरा भी विवादों में रहा।
पद्मावत
संजय लीला भंसाली निर्देशित पद्मावत पर कई महीनों तक बवाल चला। राजपूत करणी सेना ने फिल्म के टाइटल पर आपत्ति जतायी थी। फिल्म का नाम पहले पद्मावती थी। दीपिका ने फिल्म में शीर्षक रोल निभाया था। कहीं से यह खबर बाहर निकली कि फिल्म में चित्तौड़ की रानी पद्मावती और अलाउद्दीन खिलजी के बीच प्रेम प्रसंग के दृश्य हैं। इसको लेकर खूब बवाल हुआ। धरने-प्रदर्शन से लेकर फिल्म की रिलीज पर रोक की मांग हुई। बवाल बढ़ने की वजह से फिल्म की रिलीज स्थगित करनी पड़ी। वार्ताओं के दौर हुए। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। कई राज्यों ने फिल्म का प्रदर्शन करने से इनकार कर दिया था। आखिरकार, 25 जनवरी 2018 को फिल्म पद्मावत नाम के साथ सिनेमाघरों में रिलीज हुई। पठान, इसके ठीक पांच साल बाद आ रही है।
बाजीराव मस्तानी
संजय लीला भंसाली निर्देशित बाजीराव मस्तानी को लेकर विवाद तब छिड़ा, जब पिंगा गाना रिलीज हुआ था। पेशवा बाजीराव और मस्तानी, दोनों के वंशजों ने तथ्यों को तोड़ मरोड़कर दिखाने का आरोप लगाया था। यह गाना मस्तानी बनी दीपिका पादुकोण और काशीबाई बनी प्रियंका अरोड़ा पर फिल्माया गया था। मस्तानी के पूर्वजों ने इस संवाद पर भी आपत्ति जतायी थी, जिसमें बाजीराव कहते हैं- बाजीराव ने मस्तानी से मोहब्बत की है, अय्याशी नहीं।
गोलियों की रासलीला राम लीला
2013 में आयी भंसाली निर्देशित राम लीला अपने नाम को लेकर विवादों में रही थी। इस फिल्म का टाइटल पहले राम लीला था, जबकि गोलियों की रासलीला इसकी टैगलाइन थी, मगर कुछ संगठनों ने यह कहकर एतराज जताया था कि फिल्म का टाइटल राम लीला का एहसास देता है, मगर फिल्म में राम लीला जैसा कुछ नहीं है। यह भ्रामक है। मामला अदालत तक पहुंचा था। इसके बाद रिलीज से पहले टैगलाइन को मुख्य टाइटल बना दिया गया।
वैसे, दीपिका की हिंदी डेब्यू फिल्म ओम शांति ओम भी खूब विवादों में रही थी। फिल्म के एक सीन पर मनोज कुमार ने सख्त एतराज जताया था, जिसमें उनकी नकल उतारी गयी थी। इस सीन के लिए शाह रुख और फराह ने माफी भी मांगी थी। हालांकि, टीवी पर टेलीकास्ट से पहले मनोज कुमार ने सीन हटाने को लेकर वाद दायर किया था। अदालत के आदेश पर फिल्म से यह दृश्य स्थायी तौर पर हटा दिया गया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।