Coronavirus: लखनऊ से पहले मुंबई में कनिका कपूर के संपर्क में आ चुके थे 10 लोग, बीएमसी ने तलाश के लिए बनाईं दो टीमें
Coronavirus COVID 19 Positive Kanika Kapoor की लंदन से लौटने पर क्वारंटाइन में जाने के बजाय पार्टी करने को लेकर सोशल मीडिया में काफ़ी खिंचाई भी हुई थी ...और पढ़ें
नई दिल्ली, जेएनएन। बेबी डॉल सिंगर कनिका कपूर को कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद से लखनऊ और मुंबई में हड़कंप मचा हुआ है। सरकारी एजेंसियां ऐसे लोगों की पहचान करने में जुटी हैं, जो कनिका के संपर्क में आये थे। बृह्नमुंबई नगर महापालिका यानि बीएमसी ने मुबंई में ऐसे 10 लोगों की पहचान कर ली है, जो कोरोना वायरस की पुष्टि होने से पहले कनिका के संपर्क में आये थे। अब इन लोगों पर कोरोना वायरस के संक्रमण के लिए टेस्ट किये जाएंगे।
हिंदुस्तान टाइम्स की ख़बर के अनुसार, इन लोगों को ट्रेक करने के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। एडिश्नल म्यूनिसिपल कमिश्नर सुरेश काकणी के हवाले से बताया गया है कि लंदन से लौटने के बाद कनिका मुबंई में 10-12 लोगों से मिली थीं। इन लोगों को ट्रेक करने के लिए स्पेशल टीमों का गठन किया गया है।
मुंबई में कनिका एक रिकॉर्डिंग स्टूडियो भी गयी थीं। वेबसाइट के मुताबिक, अधिकारियों ने यह बात भी स्वीकार की है कि जब कनिका लंदन से आयी थीं, तब लंदन से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग नहीं की जा रही थी।
बता दें कि कनिका 10 मार्च को लंदन से मुंबई आयी थीं और 11 मार्च को मुंबई से लखनऊ चली गयीं, जहां उन्होंने पार्टियों में शिरकत की। कनिका का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद खलबली मच गयी थी। लखनऊ में कनिका जिन लोगों से मिली थीं, उनमें वसुंधरा राजे सिंधिया, उनके बेटे दुष्यंत सिंह और यूपी सरकार के मंत्री शामिल थे। लखनऊ में कनिका के संपर्क में आये सभी लोग क्वारंटाइन में चले गये। राहत की बात यह है कि उन सभी के कोरोना वायरस के टेस्ट नेगेटिव आये हैं।
बताते चलें कि कनिका ने 20 मार्च को इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके कोविड 19 के लिए पॉजिटिव होने की बात स्वीकार की थी। उन्होंने बताया था कि पिछले 4 दिनों से उनमें फ्लू के लक्षण दिख रहे हैं। वो अपने परिवार के साथ पूरी तरह क्वारंटाइन में हैं। उन्होंने बताया था कि 10 दिन पहले जब वो घर लौटी थीं तो सामान्य स्क्रीनिंग हुई थी, जैसी अक्सर होती है। कनिका ने सभी लोगों से आइसोलेशन में रहने की अपील भी की थी।
View this post on Instagram
कनिका फ़िलहाल लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में क्वारंटाइन में हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। लंदन से लौटने पर क्वारंटाइन में जाने के बजाय पार्टी करने को लेकर कनिका की सोशल मीडिया में काफ़ी खिंचाई भी हुई थी। उधर, देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या में तेज़ी से बढ़ोत्तरी हो रही है। अब 390 से अधिक केस सामने आ चुके हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।