Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    MB Shetty: सेट पर स्टंटमैन की मौत को दिल से लगा बैठे थे रोहित शेट्टी के पिता, फिर शराब में डुबो दी जिंदगी

    By Manoj VashisthEdited By:
    Updated: Fri, 16 Dec 2022 05:40 PM (IST)

    Bollywood Villain Shetty एमबी शेट्टी की कहानी बेहद दिलचस्प है। इसमें संघर्ष मेहनत जज्बात जीत और हार सब कुछ है। धर्मेंद्र अमिताभ बच्चन विनोद खन्ना समेत तमाम सुपरस्टार्स के साथ काम करने वाले शेट्टी जिंदगी से आखिर क्यों हार गये?

    Hero Image
    Cirkus Director Rohit Shetty Father MB Shetty Popular Villain Of 70s. Photo- Instagram

    नई दिल्ली, जेएनएन। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कुछ विलेन ऐसे हुए हैं, जिन्हें पर्दे पर देखना सामान्य दर्शक के लिए डरावना अनुभव होता था। फिल्म में अगर यह विलेन है तो हीरो के लिए खैर मनायी जाती थी कि किसी तरह इसके हाथों पिटने से बच जाए। हां, अगर सामने धर्मेंद्र जैसा दमदार हीरो है, जब बात अलग है। एमबी शेट्टी हिंदी सिनेमा के ऐसे ही खलनायक हैं, जिनके हाथों ना जाने कितने हीरो ने पिटाई खायी है। विलेन पर भारी पड़ने वाले धर्मेंद्र जैसे हीरो भी एमबी शेट्टी से दो-चार हाथ खा ही लिया करते थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जबरदस्त स्क्रीन प्रेजेंस वाले खलनायक एमबी शेट्टी मूल रूप से स्टंटमैन और फाइट कोरियोग्राफर थे। फिल्मों में उनकी मुख्य विलेन के हेंचमैन या तुरुप के इक्के के तौर पर उनकी एंट्री होती थी। मगर, बहुत कम लोग यह बात जानते होंगे कि हिंदी सिनेमा के हिट मैन एमबी शेट्टी हिंदी फिल्मों की हिट मशीन कहे जाने वाले रोहित शेट्टी के पिता थे। सम्भवत: रोहित का एक्शन और स्टंट के लिए शौक और झुकाव इसी वजह से है। रोहित ने अपने पिता की विरासत को बेहद कामयाबी के साथ आगे बढ़ाया है और उसे कई स्तर आगे ले गये हैं। 

    यह भी पढ़ें: Prime Video और करण जौहर की फिल्म में दिखेगी विक्की कौशल और तृप्ति डिमरी की जोड़ी, सिनेमाघरों में होगी रिलीज

    संघर्ष के दिनों में की वेटर की नौकरी

    मैंगलोर में जन्मे एमबी शेट्टी उडुपी से मुंबई आये थे। उन्होंने अपना करियर एक वेटर के तौर पर शुरू किया था, लेकिन बाद में बॉक्सिंग और बॉडी बिल्डिंग से जुड़ गये। 1956 में आयी फिल्म हीर से उन्होंने फाइट इंस्ट्रक्टर के तौर पर अपना करियर शुरू किया था। सत्तर के दशक की तमाम फिल्मों में वो नजर आते थे। पर्दे पर उनकी प्रेजेंस भले ही कम हो, मगर फिल्मों की उनके पास कमी नहीं थी। शेट्टी उस दौर में हिंदी के साथ कन्नड़ फिल्में भी कर रहे थे।

    एमबी शेट्टी ने पचास के दौर के बेहद लोकप्रिय स्टंट मास्टर शेख आजिम से गुर सीखे थे। उन्होंने प्रेमनाथ, प्राण और प्रदीप कुमार जैसे कलाकारों के लिए बॉडी डबल का काम किया था। उनकी लम्बी चौड़ी कद काठी और गंजे सिर की वजह से खलनायकी के किरदार असरदार हो जाते थे। हालांकि, रियल लाइफ में शेट्टी अपनी पर्दे की छवि के बिल्कुल उलट थे।

    हिट फिल्म ने हमेशा के लिए कर दिया बाल्ड

    इंडस्ट्री में मुड्डु बाबू का नाम से लोकप्रिय शेट्टी के बाल्ड लुक में रहने की भी मजेदार कहानी है। 1967 की बात है। शेट्टी उस वक्त नाइट इन लंदन और एन इवनिंग इन पेरिस की शूटिंग कर रहे थे। नाइट इन लंदन में उनका लुक बाल्ड था, मगर एन इवनिंग इन पेरिस के लिए उन्हें कुछ बाल रखने थे। इसकी वजह से कंटिन्यूटी बिगड़ रही थी। लिहाजा, एन इवनिंग इन पेरिस के निर्देशक शक्ति सामंत ने अपनी फिल्म में भी उनका लुक बॉल्ड ही कर दिया। नाइट इन लंदन नहीं चली, मगर एन इवनिंग इन पेरिस हिट रही। इसके बाद शेट्टी का वाल्ड लुक परमानेंट हो गया। 

    सेट पर हादसे के बाद लगी शराब की लत

    View this post on Instagram

    A post shared by Rohit Shetty (@itsrohitshetty)

    शेट्टी एक कामयाब स्टंटमैन थे, मगर एक फिल्म के सेट पर हुए हादसे ने उन्हें बदलकर रख दिया। इस किस्से का जिक्र स्वर्गीय एक्ट्रेस तबस्सुम ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर विस्तार से किया है। 1980 में एक फिल्म आयी थी- बॉम्बे 405 माइल्स। इस फिल्म में विनोद खन्ना, शत्रुघ्न सिन्हा और जीनत अमान मुख्य भूमिकाओं में थे। शूटिंग के दौरान सेट पर मंसूर नाम के स्टंटमैन की मौत ने शेट्टी को हिला दिया था। इसके लिए खुद को जिम्मेदार मानते हुए वो डिप्रेशन में चले गये और उन्हें शराब की लत लग गयी।

    आखिरकार, 1982 में उनका 51 साल की उम्र में निधन हो गया था। हिंदी सिनेमा की कई कल्ट एक्शन फिल्मों को मिलाकर उन्होंने अपने करियर में करीब 700 फिल्मों में काम किया था। उनकी पहली पत्नी का नाम विनोदिनी था, जिनसे उनके दो बेटे और दो बेटियां हुईं। रोहित, उनकी दूसरी पत्नी रत्ना के बेटे है, जो खुद स्टंट वुमन और जूनियर आर्टिस्ट रह चुकी हैं।

    यह भी पढ़ें: Aar Ya Paar Web Series Trailer- जंगल में आग लगाओगे तो शेर शहर में आएगा, आदित्य रावल की सीरीज का ट्रेलर रिलीज