कश्मीर की संस्कृति से जुड़ा है Preity Zinta का कल्ट गाना, राहत इंदौरी के गीत को 3 सिंगर्स ने बनाया अमर
प्रीति जिंटा का गाना 'बुम्ब्रो' (Bumbro Song) पहाड़ों में खूब बजता है, खासकर कश्मीर में। मगर क्या आपको पता है कि इस गाने का मतलब क्या है? जानिए यहां...

प्रीति जिंटा के गाने का मतलब। फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया
HighLights
26 सालों से कल्ट है प्रीति जिंटा का गाना
कश्मीरी धुन पर बना है प्रीति जिंटा का गाना
कश्मीरी भाषा पर बने गाने का मतलब है खूबसूरत
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय सिनेमा सिर्फ फिल्मों और डांस स्टाइल से नहीं, बल्कि दमदार संगीत के लिए भी जाना जाता है। कई फिल्मी गाने देश की अलग-अलग संस्कृति, वेशभूषा और देसी अंदाज को परिभाषित करती हैं। 26 साल पुराना प्रीति जिंटा का गाना 'बुम्ब्रो' भी कश्मीर की संस्कृति से जुड़ा है।
साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म मिशन कश्मीर (Mission Kashmir) में प्रीति जिंटा (Preity Zinta), ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan), संजय दत्त (Sanjay Dutt) और जैकी श्रॉफ (Jackie Shroff) ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म के सभी गाने हिट थे, लेकिन 'बुम्ब्रो बुम्ब्रो' (Bumbro Bumbro) गाना सबसे ज्यादा पसंद किया गया था।
प्रीति-ऋतिक का डांस था काबिल-ए-तारीफ
प्रीति जिंटा और ऋतिक रोशन पर फिल्माया गया 'बुम्ब्रो' गाना हर संगीत और फंक्शन की शान बन गया। इस गाने के चुलबुले बोल और प्रीति-ऋतिक की एनर्जेटिक परफॉर्मेंस ने धमाल मचा दिया। मगर क्या आपको पता है कि 26 सालों से सुने जाने वाले इस गीत का क्या मतलब है?

क्या है गाने का मतलब?
'बुम्ब्रो' गाना कश्मीर की संस्कृति से जुड़ा है। गाने के बोल में कश्मीरी शब्द 'बुम्ब्रो' का इस्तेमाल किया गया है, जिसका मतलब 'भंवरा' होता है। गाने में 'भंवरा' एक नौजवान शख्स को बताया जा रहा है। गाने में 'श्याम' (सांवले) रंग के 'बुम्ब्रो' यानी भंवरे से मजाक-मजाक में पूछा जाता है कि वह किस बाग से आया है।
प्रीति जिंटा के कश्मीरी लुक ने जीता था दिल
मिशन कश्मीर में यह गीत कश्मीरी वेडिंग के दौरान बजाया गया है। ऐसे में प्रीति जिंटा कश्मीरी लुक में नजर आई थीं। उन्होंने कश्मीरी फेरन पहनी थी जिसे उन्होंने उन्होंने सिर पर पारंपरिक कश्मीरी कढ़ाईदार टोपी पहनी थी, जिसके ऊपर से हल्का और चमकदार दुपट्टा खूबसूरती से सजाया गया था। उन्होंने अपने लुक को कश्मीरी ज्वेलरी से स्टाइल किया था। आज भी प्रीति जिंटा का ये लुक आइकॉनिक कश्मीरी लुक्स में से एक है।

तीन सिंगर्स ने मिलकर गाया था गाना
इस पूरे गाने में प्रीति जिंटा बैठकर डांस कर रही होती हैं और पीछे ऋतिक एनर्जेटिक डांस करते हैं। सिर्फ गाने के बोल या डांस ही नहीं, बल्कि इसकी धुन भी कश्मीर की लोक धुन से प्रेरित है। इस गाने को तीन सिंगर्स ने मिलकर गाया था- शंकर महादेवन, जसपिंदर नरूला और सुनिधि चौहान।
इस गाने के बोल राहत इंदौरी (Rahat Indori) ने लिखे थे। उनकी लेखनी की तारीफ करना तो बनता है। बात करें गाने की धुन की जो आपको नाचने पर मजबूर कर दें, इसे तैयार किया था शंकर-एहसान-लॉय ने। यह गाना 26 सालों से कल्ट क्लासिक बॉलीवुड सॉन्ग्स में से एक है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।