विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

राजस्थान कांग्रेस चीफ पर ED की कार्रवाई के बाद सामने आई सचिन पायलट की प्रतिक्रिया, बोले- अब तो जगजाहिर है कि...

By Jagran NewsEdited By: Anurag Gupta
Published: Thu, 26 Oct 2023 06:10 PM (IST)

राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने गुरुवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। ...और पढ़ें

राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट (फोटो: @INCIndia)
राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट (फोटो: @INCIndia)

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कथित पेपर लीक मामले में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के परिसरों पर छापेमारी सहित प्रदेश में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर गुरुवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

क्या कुछ बोले सचिन पायलट?

कांग्रेस नेता ने कहा कि आज राजस्थान में जांच एजेंसियों की जो कार्रवाई हुई, उसे हर किसी ने देखा। आज से 29 दिन बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाला है। आचार संहिता राजस्थान सहित अन्य राज्यों में लग चुकी है। आज ही के दिन भारत सरकार की एजेंसियों ने जो कार्रवाई की है, उनकी टाइमिंग, उद्देश्य और इरादा पूरी तरह से संदिग्ध है और मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि अब यह जगजाहिर हो गया है कि एजेंसियों का लगातार दुरुपयोग हो रहा है।

यह भी पढ़ें: ED की छापेमारी के बाद गोविंद सिंह डोटासरा की पहली प्रतिक्रिया आई सामने, बोले- हमे कोई समस्या नहीं

'कांग्रेसियों को भयभीत करने की हो रही कोशिश'

सचिन पायलट ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले राजस्थान में जिस प्रकार से एजेंसियों ने काम शुरू किया, यह कांग्रेस पार्टी के नेताओं को भयभीत और आतंकित करने का प्रयास है। देश और प्रदेश इसे बहुत गंभीरता से देख रहा है। कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ है। अगर कोई भी निष्पक्ष जांच होती है और कोई प्रमाण के साथ संदिग्ध पाया जाता है, उस पर कार्रवाई हो। हम इसके पक्ष में हैं।

उन्होंने कहा कि आज बिना नोटिस के जिस तरह से राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा जी के घर रेड डाली गई है, यह इस बात का संकेत है कि अगर भाजपा राजनीतिक तौर पर कमजोर पड़ेगी तो जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करेगी और लोगों में डर पैदा करेगी। कांग्रेस पार्टी इसका पूरी तरह से विरोध करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी पांचों राज्यों में पीछे चल रही है और मैं यह मानता हूं कि आज की कार्रवाई इस बात का स्पष्ट संकेत है।

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के लिफाफे पर सियासत तेज, BJP ने चुनाव आयोग से की शिकायत; प्रियंका बोलीं- खोखले हैं सरकार के वादे