Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    MP Election 2023: 'आदेश सोनिया का, निर्देश कमल नाथ का और चांटा दिग्विजय को मिलता है', धार में कांग्रेस पर जमकर बरसे अमित शाह

    By AgencyEdited By: Sonu Gupta
    Updated: Sat, 11 Nov 2023 10:18 PM (IST)

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश में तीन परिवार हैं। पहला कमल नाथ का दूसरा बंटाधार दिग्विजय का तीसरा राहुल और सोनिया का गांधी परिवार है। हमारे यहां कहा जाता है कि तीन तिगाड़ा काम बिगाड़ा। यहां आदेश गांधी परिवार का चलता है निर्देश कमल नाथ का चलता है और गलती होने पर चांटा दिग्विजय सिंह को लगा देते हैं।

    Hero Image
    मध्य प्रदेश के धार में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह।

    जागरण न्यूज नेटवर्क, इंदौर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को मध्य प्रदेश में धार और इंदौर जिले की चुनावी सभाओं में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में तीन परिवार हैं। पहला कमल नाथ का, दूसरा बंटाधार दिग्विजय का, तीसरा राहुल और सोनिया का गांधी परिवार है। हमारे यहां कहा जाता है कि तीन तिगाड़ा, काम बिगाड़ा। यहां आदेश गांधी परिवार का चलता है, निर्देश कमल नाथ का चलता है और गलती होने पर चांटा दिग्विजय सिंह को लगा देते हैं। ये कपड़ा फाड़ राजनीति करने वाले मध्य प्रदेश का भला नहीं कर सकते।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कांग्रेस ने राम मंदिर को लटकाने का किया कामः अमित शाह

    अमित शाह ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा राम मंदिर को अटकाने और लटकाने का काम किया। मैं जब भाजपा अध्यक्ष था, तब राहुल बाबा पूछते थे कि मंदिर बनाएंगे, लेकिन तिथि नहीं बताएंगे। राहुल बाबा आप दर्शन करने तो नहीं जाओगे, लेकिन तिथि मैं आज बताता हूं। 22 जनवरी, 2024 को रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजित होने जा रहे हैं।

    अमित शाह ने धार में किया चुनावी रैली

    शाह ने धार जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों मनावर, गंधवानी के अवल्दामान, बदनावर व धार के साथ ही इंदौर जिले के बेटमा में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। धार में शाह ने कमल नाथ को भी घेरा। उन्होंने कहा कि कमल नाथ ने अपने डेढ़ साल के कार्यकाल में जो घोटाले किए हैं, उसकी सूची यदि पढ़ने लगूं तो सात दिन की भागवत कथा जैसा समय भी कम पड़ जाएगा। डेढ़ साल में कमीशनखोरी का उद्योग स्थापित किया। ट्रांसफर इंडस्ट्री लगाने का काम किया। अपने बेटे-दामादों के कल्याण का उद्योग स्थापित किया।

    यह भी पढ़ेंः MP Polls 2023: 'वर्ष 2009-10 तक देश में हर दिन धमाके होते थे', असम के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के शासनकाल पर उठाया सवाल

    अमित शाह ने कांग्रेस के परिवारवाद पर भी साधा निशाना

    अमित शाह ने कांग्रेस के परिवारवाद पर भी निशाना साधा। मनावर में कहा कमल नाथ के मन में बेटे नकुल नाथ को मुख्यमंत्री, सोनिया गांधी के मन में बेटे राहुल को प्रधानमंत्री बनाने की बात है। अपने बेटे के लिए काम करने वाले देश का क्या भला करेंगे।

    दिग्विजय का शासन याद दिलायाशाह ने दिग्विजय सिंह के शासनकाल की याद भी दिलाई और कहा कि बंटाधार के शासन में सड़कें इतनी खराब थीं कि उज्जैन बाबा महाकाल दर्शन करने आता था तो झाबुआ जिले में प्रवेश करते ही गाड़ी गड्ढे में गिरती और नींद खुल जाती थी। झाबुआ से उज्जैन तक पता नहीं चलता था कि सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। उस समय इसी बंटाधार और कमल नाथ की जोड़ी ने मध्य प्रदेश को अंधेरे में रखा।

    यह भी पढ़ेंः MP Election 2023: 'इस साल मध्य प्रदेश मनाएगा तीन दिवाली', अमित शाह ने मनावर में चुनावी रैली को किया संबोधित

    देश को सुरक्षित करना है तो फिर मोदीजी को बनाएं पीएम

    शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए केंद्र में भाजपा की सरकार को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को घुसपैठ से मुक्त कर सुरक्षित करने का काम किया है। कांग्रेस और आइएनडीआइए इस घुसपैठ को कभी नहीं रोक सकते हैं।

    पीएम मोदी ने पीएफआइ पर प्रतिबंध लगाया और कश्मीर से अनुच्छेद- 370 हटाकर कश्मीर को हमेशा के लिए भारत का अभिन्न हिस्सा बना दिया। जब मैं कश्मीर का बिल लेकर संसद में खड़ा हुआ तो राहुल गांधी ने कहा कि अनुच्छेद-370 हटाने से कश्मीर में खून की नदियां बह जाएंगी, लेकिन किसी ने कश्मीर में कंकर चलाने तक की हिम्मत नहीं की। हमारी सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक करके पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों का सफाया कर दिया। अगर देश को सुरक्षित रखना है तो सिर्फ मध्य प्रदेश में कमल की सरकार नहीं बल्कि 2024 में एक बार फिर से नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है।