यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'कमलनाथ, गहलोत और बघेल नेता नहीं', नड्डा बोले- ये लोग कांग्रेस आलाकमान के लिए फंड एकत्रित करने वाले कलेक्टर हैं
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दावा किया कि मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ...और पढ़ें

पीटीआई, रीवा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को दावा किया कि मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कलेक्टर हैं, जो अपने राज्यों से धन जुटाते हैं और दिल्ली दरबार को सौंप देते हैं।
क्या कुछ बोले जेपी नड्डा?
मध्य प्रदेश के रीवा में एक जनसभा को संबोधित करते नड्डा ने जनता से देश के विकास को सुनिश्चित करने के लिए भाजपा को वोट देने का अनुरोध किया। उन्होंने दावा किया कि कमलनाथ हों, भूपेश बघेल हों या अशोक गहलोत हों, वे न तो नेता हैं और न ही मुख्यमंत्री। वे कलेक्टर हैं। जिलों से नहीं, बल्कि अपने राज्यों से धन एकत्रित कर दिल्ली दरबार में चढ़ाते हैं।

कमलनाथ पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा कि दिसंबर 2018 और मार्च 2020 के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने घोटालों के शासन की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि कमलनाथ वही नेता हैं जिन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पैसा वापस लौटाया था। यह वही कमलनाथ हैं जिन्होंने जल जीवन मिशन के तहत काम नहीं किया और 240 करोड़ रुपये केंद्र को वापस कर दिया।
कमलनाथ पर बरसे नड्डा
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में कोयला घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, 2जी घोटाला...यानी सिर्फ घोटाले ही घोटाले हुए। इसलिए कमल खिलाना है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश में सर्वांगीण विकास किया है। सनद रहे कि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव होना है, जबकि तीन दिसंबर को वोटों की गिनती होगी।
