West Bengal Election Result 2019: दो से दहाई की ओर बढ़ रही भाजपा, TMC को झटका
पश्चिम बंगाल में भाजपा इतिहास रचने की ओर बढ़ रही है। लोकसभा चुनाव परिणाम 2019 के रुझानों में भाजपा 17 सीटों पर आगे चल रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। पश्चिम बंगाल में भाजपा इतिहास रचने की ओर बढ़ रही है। लोकसभा चुनाव परिणाम 2019 के रुझानों में भाजपा 17 सीटों पर आगे चल रही है। तृणमूल कांग्रेस 22 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, कांग्रेस सिर्फ 2 सीटों पर आगे चल रही है। बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में सिर्फ 2 सीटों पर जीत दर्ज की थी। ऐसे में एग्जिट पोल और रुझानों के मुताबिक, अगर भाजपा पश्चिम बंगाल में 20 के आसपास सीटें जीतती है, तो ममता बनर्जी को बड़ा झटका और मोदी की ऐतिहासिक जीत होगी।
पश्चिम बंगाल में लोकसभा की 42 सीटें हैं और यहां तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। 2014 लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को 42 में से 34 सीटें मिली थीं। कांग्रेस ने 4 और भाजपा को सिर्फ 2 सीटें मिली थीं। भाजपा ने इस राज्य में अपनी सीटें बढ़ाने के लिए बहुत मेहनत की है। चुनावी रस्साकशी के दौरान तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के बीच भारी तनाव का वातावरण बना रहा। मतदान के दौरान हिंसा की सबसे अधिक घटनाएं बंगाल में हुईं।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से जब पश्चिम बंगाल के बारे में सवाल किया गया, तब उन्होंने पूरे विश्वास के साथ बताया कि वहां उनकी पार्टी को 23 के आसपास सीटें मिलने जा रही हैं। लगभग यही आंकड़ा एग्जिट पोल में भी पश्चिम बंगाल को लेकर सामने आया था। अब रुझानों में भाजपा पश्चिम बंगाल में लगभग 17 सीटों पर आगे चल रही है। हालांकि, ममता बनर्जी भी दावा कर रही हैं कि उनकी पार्टी पिछली बार से अच्छा प्रदर्शन करेगी।
भाजपा के दिग्गज आगे
पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम पर पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं। यहां आसनसोल में भाजपा प्रत्याशी बाबुल सुप्रियो टीएमसी की मुन मुन सेन से 12081 वोटों से आगे निकल गए हैं। बहरामपुर सीट पर टीएमसी के अपूर्ब सरकार आगे, कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी पीछे हैं। दार्जिलिंग सीट पर बीजेपी के राजू सिंह बिस्ता आगे, टीएमसी के अमर सिंह राय पीछे चल रहे हैं। इसके अलावा डायमंड हार्बर में निलंजन रॉय (बीजेपी), हुगली में लॉकेट चटर्जी (बीजेपी), जंगीपुर में खलीलुर रहमान (टीएमसी), कोलकाता दक्षिण में माला रॉय (टीएमसी), कोलकाता उत्तर में बंदोपाध्याय सुदीप (टीएमसी), मलदहा उत्तर में खागन मुर्मू (बीजेपी), श्रीरामपुर में कल्याण बनर्जी (टीएमसी) और उलुबेरिया में सजदा अहमद (टीएमसी) आगे चल रहे हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप