विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Lok Sabha Election 2024: आधी आबादी को पूरा साधने में जुटी भाजपा, तरुण चुग को मिली बड़ी जिम्मेदारी; इस रणनीति पर चलेगा काम

Published: Tue, 09 Jan 2024 09:02 PM (IST)

पिछले चुनावों में लगातार महिला मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए भाजपा अगले लोकसभा चुनाव के पहले उनतक पहुंचने ...और पढ़ें

Lok Sabha Election 2024: आधी आबादी को पूरा साधने में जुटी भाजपा
Lok Sabha Election 2024: आधी आबादी को पूरा साधने में जुटी भाजपा

HighLights

  1. सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी महिलाओं तक पहुंचने की रणनीति तैयार
  2. देश में एक करोड़ से अधिक सेल्फ हेल्प ग्रुप में शामिल हैं 10 करोड़ से अधिक महिलाएं
  3. प्रधानमंत्री दो करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की कर चुके हैं घोषणा

नीलू रंजन, नई दिल्ली। महिलाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता को देखते हुए भाजपा लोकसभा चुनाव से पहले आधी आबादी को पूरा साधने की तैयारी में जुट गई है। महिला मोर्चा का प्रभार वरिष्ठ नेता और पार्टी उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा को सौंपने के बाद भाजपा अब सेल्फ हेल्प ग्रुप में शामिल महिलाओं तक पहुंचने की रणनीति तैयार कर रही है। देश भर में एक करोड़ से अधिक सेल्फ हेल्प ग्रुप में 10 करोड़ से अधिक महिलाएं शामिल हैं और प्रधानमंत्री मोदी इनमें से दो करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की घोषणा की है।

महिलाओं को साधने की अहमियत

पिछले चुनावों में लगातार महिला मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए भाजपा अगले लोकसभा चुनाव के पहले उनतक पहुंचने के लिए अलग से प्रचार अभियान की रणनीति बना रही है। सेल्फ हेल्प ग्रुप के माध्यम से महिलाओं को साधने की अहमियत को इस बात से समझा जा सकता है कि भाजपा ने इसके लिए अलग से राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग को इसका प्रभारी बनाया है। तरुण चुग अनुसूचित जाति मोर्चा के साथ-साथ सेल्फ हेल्प ग्रुप और एनजीओ संपर्क अभियान के भी प्रभारी है।

इनको मिली बड़ी जिम्मेदारी

सेल्फ हेल्प ग्रुप में शामिल महिलाओं तक पहुंचने की रणनीति को फाइनल स्वरूप देने के लिए भाजपा मुख्यालय में विशेष बैठक हुई। जिसमें तरुण चुग और बैजयंत पांडा के साथ-साथ महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानति श्रीनिवासन, महिला स्वयं सहायता समूह व एनजीओ संपर्क अभियान की प्रभारी राष्ट्रीय सचिव विजया राहटकर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय समेत कई अन्य नेता मौजूद थे। बैठक में सेल्फ हेल्प ग्रुप में शामिल महिलाओं के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किये जा रहे प्रयासों को इसके 10 करोड़ महिला सदस्यों तक पहुंचाने का फैसला लिया गया।

पीएम मोदी का नारी सशक्तिकरण की दिशा में अभूतपूर्व कदम

बैठक में पार्टी नेताओं का कहना था कि संसद के विशेष सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास कर महिलाओं के लिए लोकसभा और विधानसभाओं में 33 फीसद आरक्षण सुनिश्चित कर प्रधानमंत्री मोदी ने नारी सशक्तिकरण की दिशा में अभूतपूर्व कदम उठाया है। राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर पर महिला केंद्रित कार्यक्रमों के सहारे प्रधानमंत्री मोदी के इस योगदान को प्रचारित किया जाएगा।

विकसित भारत संकल्प यात्रा

इसी तरह से सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी महिलाओं के लिए भी इसी तरह के कार्यक्रम तैयार किये जाएंगे। इन कार्यक्रमों को अगले कुछ दिनों में अंतिम रूप दे दिया जाएगा। ध्यान देने की बात है कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान भी सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी महिलाओं के साथ संपर्क किया जा रहा है और प्रधानमंत्री मोदी खुद ऐसी महिलाओं से सीधे संवाद भी कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Lok Sabha Polls 2024: राममय माहौल में कांग्रेस की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, लोकसभा चुनाव में 86 लाख वोटों का अंतर पाटना टेढ़ी खीर