Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कैसा होगा 2047 का भारत? आप भी दे सकते हैं अपना सुझाव; इस पार्टी ने अपने संकल्‍प पत्र के लिए मांगी जनता से सलाह

    By Jagran News NetworkEdited By: Jagran News Network
    Updated: Thu, 21 Mar 2024 06:27 PM (IST)

    भाजपा लोगों के सुझाव के आधार पर लोकसभा चुनाव का संकल्प पत्र तैयार करेगी। मध्य प्रदेश में लोगों से सुझाव पार्टी मांग रही है। ईमेल व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से ये सुझाव मांगे जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार संकल्प पत्र में 2047 के विकसित भारत का विजन दिखेगा। भाजपा ने सुझाव मांगने के लिए बूथ और ग्राम स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की है।

    Hero Image
    लोकसभा चुनाव 2024: भाजपा के संकल्प पत्र में दिखेगा 2047 का विजन।

    भोपाल, राज्य ब्यूरो। लोकसभा चुनाव के संकल्प पत्र के लिए भाजपा जनता से सुझाव ले रही है। इसके लिए प्रदेश में ब्लाक से लेकर जिला मुख्यालयों पर कई स्थानों पर सुझाव पेटी लगाई गई हैं। ईमेल, व्हाट्सएप, एसएमएस और इंटरनेट मीडिया के अन्य माध्यमों से भी विभिन्न वर्गों के जागरूक जनों से सुझाव लिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने भाषण में वर्ष 2047 के विजन की बात कहते हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यही वजह है कि भाजपा का संकल्प पत्र 2047 के विजन के साथ तैयार किया जा रहा है। संकल्प पत्र में मध्य प्रदेश समेत विकसित भारत की झलक देखने को मिलेगी। सुझाव मांगने के लिए पार्टी ने प्रत्येक बूथ और ग्राम स्तर पर भी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है।

    सातों मोर्चा और प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी तय

    भाजपा ने प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों पर जीत के लिए सातों मोर्चा और प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी तय कर दी है। महिला, किसान, युवा, पिछड़ा, अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारियों को अलग-अलग वर्ग के बीच जाकर संकल्प पत्र के लिए उनके सुझाव लेने का कार्य सौंपा है। चिकित्सा प्रकोष्ठ व अन्य प्रकोष्ठ के पदाधिकारी भी जागरूक जनों से संपर्क कर उन्हें पार्टी की विचारधारा से अवगत कराकर 2047 के विकसित भारत के लिए सुझाव ले रहे हैं।

    विकसित मध्य प्रदेश की दिखेगी झलक

    संकल्प पत्र में जनता से लिए गए सुझावों के अनुरूप विकसित भारत के साथ विकसित मध्य प्रदेश की झलक भी दिखेगी। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता जनता से सुझाव लेने के साथ मध्य प्रदेश की जीएसडीपी (राज्य का सकल घरेलू उत्पाद) बढ़ाने के लिए और क्या किया जा सकता है, इसके लिए प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र के विशेषज्ञों से भी संवाद कर रहे हैं। अलग-अलग सेक्टर के प्रबुद्धजनों के साथ बैठकें की जा रही है। वहीं, मोबाइल पर संदेश भेजकर भी सुझाव लिए जा रहे हैं।

    विधानसभा चुनाव की तरह ही लोकसभा चुनाव में भी संकल्प पत्र के लिए जनता से सुझाव लिए जा रहे हैं। भाजपा के इस संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 के विकसित भारत का विजन देखने को मिलेगा। भाजपा की डबल इंजन की सरकार और पार्टी संगठन इसी दिशा में आगे बढ़ रही है। हम जन आकांक्षाओं को पूरा करने के कार्य में जुटे हैं। - रजनीश अग्रवाल, प्रदेश मंत्री, मध्य प्रदेश भाजपा।

    यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में भाजपा ने बनाई खास रणनीति, इन सीटों पर 60 फीसदी मत हासिल करने का तय किया लक्ष्य