Move to Jagran APP

लोकसभा चुनाव: लालू-राबड़ी पर CM नीतीश का तंज- पति-पत्‍नी के शासन में नहीं हुआ काम

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बांका पूर्णिया व किशनगंज में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान वे विपक्ष पर जमकर हमलावर रहे तथा अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

By Amit AlokEdited By: Published: Mon, 15 Apr 2019 09:30 PM (IST)Updated: Mon, 15 Apr 2019 11:25 PM (IST)
लोकसभा चुनाव: लालू-राबड़ी पर CM नीतीश का तंज- पति-पत्‍नी के शासन में नहीं हुआ काम
लोकसभा चुनाव: लालू-राबड़ी पर CM नीतीश का तंज- पति-पत्‍नी के शासन में नहीं हुआ काम
बांका/ पूर्णिया/ किशनगंज [जागरण टीम]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वे जाति और मजहब के नाम पर नहीं, बल्कि अपने 13 वर्षों के काम के आधार पर वोट मांगने आएं हैं। बिहार में लालू प्रसाद यादव व राबड़ी देवी की सरकारों पर हमलावर नीतीश कुमार ने कहा कि 15 वर्षों तक चलने वाली 'पति-पत्नी की सरकार' ने कोई काम नहीं हुआ। साथ ही यह भी कहा कि केंद्र में पीएम मोदी के शासनकाल में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। मुख्‍यमंत्री सोमवार को बांका, पूर्णिया व किशनगंज में चुनावी सभाओं में जनता से रूबरू थे।
बांका में बोले नीतीश: राज्य में हो रहा न्याय के साथ विकास
मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को बांका लोकसभा क्षेत्र के धोरैया-पुनसिया मार्ग पर स्थित भगवानपुर मैदान पर जदयू प्रत्याशी गिरिधारी यादव के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि राज्य में न्याय के साथ विकास हो रहा है। हमारी सरकार में गरीब-गुरबों, निरक्षर महिलाओं आदि तक को साक्षर बनाया गया है।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि 15 वर्षो तक चलने वाली पति-पत्नी की सरकार ने अपने वोट समीकरण वाले मतदाताओं के हित के लिए भी काम नहीं किया। लेकिन बिहार में सत्ता बदलते ही तीन महीने के भीतर कानून का राज स्थापित हुआ। स्कूलों की हालत सुधारते हुए तीन से चार लाख शिक्षकों का नियोजन किया गया। विभिन्न नदियों पर पुल -पुलियों का निर्माण कराकर सभी गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय योजना के तहत घर- घर नल का जल पहुंचाया गया है। 31 दिसम्बर 2018 तक सभी घरों को बिजली से जोड़ा गया। अब हर जिले में इंजीनियीिंग, पॉलीटेक्निक ,आइटीआइ और नर्सिंग कॉलेज खोले जा रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड व कौशल युवा केन्द्र की सुविधा युवाओं को दी गई है। उन्होंने मतदाताओं से जदयू प्रत्याशी गिरिधारी यादव को जिताने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के शासनकाल में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। कहा कि 13 वर्षो के कार्यकाल में महिलाओं की मांग पर बिहार में शराबबन्दी कानून लागू् कर उनकी भावनाओं को इज्जत दी।
पूर्णिया व किशनगंज में भी हुई सीएम नीतीश की जनसभाएं
सोमवार को पूर्णिया के धमदाहा क्रीड़ा मैदान में जदयू प्रत्याशी सांसद संतोष कुमार कुशवाहा व किशनगंज के वेणुुगढ़ में जदयू प्रत्याशी सैयद महमुद अशरफ के समर्थन में आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आज बिहार के हर क्षेत्र में विकास का काम हुआ है। गरीबों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। हर जाति के लोगों को आगे बढ़ाने के लिए आरक्षण को लागू किया गया। स्कूलों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने के लिए पोशाक, साइकिल योजना लागू की गई। 15 वर्ष पूर्व बिहार के प्रखंडों में एक स्वास्थ्य केंद्र होता था जहां औसतन प्रत्येक दिन 39 मरीज ही पहुंचते थे। आज सरकारी अस्पतालों में प्रत्येक माह दस हजार लोग स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ों अतिपिछड़ों को शिक्षा का अवसर प्रदान किया गया। करीब चार लाख शिक्षकों का नियोजन किया गया। मदरसा के लिए अलग से विद्यालय खोले गए। उन्होंने कहा कि मदरसा के शिक्षकों को भी सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों के समान वेतन दिया जाएगा।
उन्होंने जीविका के माध्यम से महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की बात भी कही। विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पहले गरीब तबके के वृद्ध लोगों के लिए पेंशन की व्यवस्था थी, लेकिन अब 60 साल के सभी बुजुर्गों को पेंशन दी जाएगी।
मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि महिलाओं की मांग पर हमने शराबबंदी लागू की। केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि घर-घर में गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है, जिससे महिलाएं धुआं रहित चूल्हे पर खाना पका रही हैं। आयुष्मान भारत योजना का लाभ लोगों को मिल रहा है। किसान सम्मान योजना के तहत छोटे एवं सीमांत किसानों को प्रत्येक वर्ष छह हजार की राशि उनके खाते में दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि 15 वर्षों तक पति-पत्नी की सरकार ने शिक्षा को पूरी तरह डुबो दिया। सड़कें गड्ढे में तब्दील थीं। मैंने अपने कार्यकाल में सड़क, पुल, पुलिया बनाने का संकल्प लिया ताकि पटना जाने के लिए सभी गांवों के लोगों को पांच घंटे का समय लगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के साथ जाने का मुख्य उद्देश्य बिहार को विकसित राज्य बनाना है। उन्होंने वेणुगढ़ को पर्यटन स्थल बनाने की बात भी कही।
जनसभाओं में ये भी थे शामिल
बांका में सभा की अध्यक्षता ग्यास खान ने की तथा उसका संचालन परवेज अख्तर ने किया। सभा को भूमि सुधार राजस्व मंत्री रामनारायण मंडल, पूर्व मंत्री जावेद इकवाल अंसारी, प्रत्याशी गिरिधारी यादव, जदयू जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश मंडल, सुजाता कुशवाहा आदि ने संबोधित किया।
पूर्णिया की सभा को प्रत्याशी संतोष कुमार कुशवाहा, धमदाहा विधायक लेसी सिंह व रुपौली विधायक बीमा भारती ने भी संबोधित किया। किशनगंज की सभा को विधायक मुजाहिद आलम, पूर्व विधायक सिकंदर ङ्क्षसह, फिरोज अंजुम आदि ने संबोधित किया।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.