Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मोहन ने मध्य प्रदेश और विष्णुदेव ने संभाली छत्तीसगढ़ की कमान, शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे PM मोदी

    By Jagran NewsEdited By: Anurag Gupta
    Updated: Wed, 13 Dec 2023 11:25 PM (IST)

    डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश व विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की कमान संभाल ली है। गौरतलब है कि दोनों ही राज्यों में दिग्गज नेताओं को किनारे करके भाजपा ने नए चेहरों को आगे बढ़ाया है। मध्य प्रदेश के 19वें मुख्यमंत्री के रूप में डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शपथ ली। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने उनको शपथ दिलाई।

    Hero Image
    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव (बाएं) और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (दाएं)

    जागरण टीम, नई दिल्ली। डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश व विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की कमान संभाल ली है। दोनों ने अपने-अपने राज्यों में आयोजित हुए शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों, पूर्व मुख्यमंत्रियों व केंद्रीय मंत्रियों के साथ ही साधु-संतों की उपस्थित में मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गौरतलब है कि दोनों ही राज्यों में दिग्गज नेताओं को किनारे करके भाजपा ने नए चेहरों को आगे बढ़ाया है। मध्य प्रदेश के 19वें मुख्यमंत्री के रूप में डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शपथ ली। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने उनको शपथ दिलाई। इसके बाद राजेंद्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। 14 मिनट में शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हो गया।

    शपथ लेने के बाद डॉ. मोहन यादव हेलीकाप्टर से सीधे अपने गृहनगर उज्जैन गए। उन्होंने ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में अभिषेक-पूजन किया। गर्भगृह में ही बैठकर पांच मिनट ध्यान लगाया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। स्वागत उपरांत उन्होंने नंदी हाल में बैठकर पुजारियों संग शांतिपाठ किया।

    यह भी पढ़ें: योगी की राह पर चले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, शपथ ग्रहण के बाद दिया ये बड़ा निर्देश

    छत्तीसगढ़ के चौथे CM बने विष्णुदेव साय

    छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय चौथे मुख्यमंत्री बन गए हैं। राज्यपाल बिस्वभूषण हरिचंदन ने उन्हें हिंदी में शपथ दिलाई। उनके बाद भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव और कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार दो उप मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। इससे पहले कांग्रेस की भूपेश सरकार में एक उप मुख्यमंत्री बनाया गया था।

    मुख्यमंत्री साय ने इस बेहद खास मौके पर शपथ ग्रहण के पूर्व अपने आराध्य देवताओं और अपनी माता के साथ ही छत्तीसगढ़ से जुड़ी विभूतियों का नमन किया। इस बीच, पूरा परिसर मोदी के नारों से गुंजायमान रहा। शपथ ग्रहण के बाद साय और दोनों उप मुख्यमंत्रियों ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यभार भी संभाल लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने बताया,

    नई सरकार की प्रथम कैबिनेट की बैठक 14 दिसंबर को आयोजित होगी।

    इसके बाद मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और सचिवों के साथ परिचयात्मक बैठक होगी, साथ ही प्रेस कान्फ्रेंस भी आयोजित की जाएगी।

    यह भी पढ़ें: मोहन यादव के कैबिनेट में नए चेहरों को मिल सकती है जगह, जानिए कौन-कौन बन सकते हैं मंत्री

    'डबल इंजन की सरकार दोगुने जोश से काम करेगी'

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया कि देश के हृदयस्थल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा व राजेंद्र शुक्ला को बधाई। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में राज्य में डबल इंजन सरकार दोगुने जोश के साथ काम करेगी और विकास के नए प्रतिमान गढ़ेगी। इस अवसर पर यहां के अपने सभी परिवारजनों को भी मैं यह भरोसा देता हूं कि भाजपा सरकार आपके जीवन को आसान बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी।

    दूसरे पोस्ट में उन्होंने लिखा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा को बहुत-बहुत शुभकामना। मेरा यह दृढ़ विश्वास है कि सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध इस राज्य की भाजपा सरकार जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी। प्रदेशवासियों के जीवन में समृद्धि और खुशहाली लाने के लिए डबल इंजन सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।