Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    झारखंड में 68 और महाराष्ट्र में 62 प्रतिशत मतदान, शहरी क्षेत्र रहे वोटिंग में पीछे; 23 को आएंगे नतीजे

    Updated: Thu, 21 Nov 2024 01:10 AM (IST)

    झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान बुधवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। सुबह सात बजे जैसे ही मतदान शुरू हुआ। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार झारखंड में 68.01 और महाराष्ट्र में 62.05 प्रतिशत मतदान हुआ। महाराष्ट्र में 288 विधानसभा क्षेत्रों में बुधवार शाम पांच बजे तक 59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

    Hero Image
    झारखंड में 68 और महाराष्ट्र में 62 प्रतिशत मतदान

     नई दिल्ली, जेएनएन। झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान बुधवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में 68.01 और महाराष्ट्र में 62.05 प्रतिशत मतदान हुआ। नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। झारखंड में मतदान केंद्रों पर जगह-जगह फूलों और पारंपरिक गीत-नृत्य से मतदाताओं का स्वागत किया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    22 मतदान केंद्रों पर दिव्यांग कर्मियों ने मतदान संपन्न कराया

    स्थानीय परंपरा, चित्रकारी, पर्यटन स्थल, संस्कृति और पर्यावरण पर आधारित 48 यूनिक बूथ लोगों के उत्साह को बढ़ा रहे थे। बोकारो के चंदनकियारी में छऊ नृत्य पर आधारित मतदान केंद्र बना था तो पाकुड़ में बांस उद्योग व शिल्प पर आधारित मतदान केंद्र ध्यान खींच रहा था। सभी जगह लोगों ने मतदान करने के बाद परिवार संग सेल्फी ली। झारखंड में 239 मतदान केंद्रों पर पूरी मतदान प्रक्रिया महिलाओं के जिम्मे रही, जबकि 22 मतदान केंद्रों पर दिव्यांग कर्मियों ने मतदान संपन्न कराया।

    झारखंड की इन सीटों पर 64.31 प्रतिशत मतदान हुआ

    साल 2019 के विधानसभा चुनाव में झारखंड की इन सीटों पर 64.31 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार भी गांवों में बंपर मतदान हुआ, जबकि धनबाद, बोकारो, हजारीबाग जैसे शहरी क्षेत्र मतदान में अपेक्षाकृत पीछे रहे। सबसे अधिक 79.40 प्रतिशत मतदान पाकुड़ के महेशपुर में हुआ, जबकि सबसे कम 50.52 प्रतिशत मतदान बोकारो में हुआ। जामताड़ा के नाला में 78.75 प्रतिशत, देवघर के सारठ में 77.94 प्रतिशत और रांची के सिल्ली में 76.70 प्रतिशत मतदान हुआ है।

    महाराष्ट्र में 288 विधानसभा क्षेत्रों में बुधवार शाम पांच बजे तक 59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में रिकार्ड 65.88 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान के दौरान बीड निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार बालासाहेब शिंदे का दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई। सुबह सात बजे जैसे ही मतदान शुरू हुआ, ईवीएम के काम न करने की कई शिकायतें मिलीं।

    कोल्हापुर में ईवीएम ने काम करना किया बंद

    कोल्हापुर के विक्रम हाई स्कूल में ईवीएम ने तकनीकी खराबी के चलते काम करना बंद कर दिया। इसी तरह की शिकायतें छत्रपति संभाजीनगर से भी मिलीं, जबकि अकोला पूर्व में मतदान केंद्र संख्या 221 पर 50 मिनट तक ईवीएम ने काम नहीं किया। धुले शहर के विद्यावर्धिनी कालेज मतदान केंद्र पर ईवीएम में तकनीकी खराबी की सूचना के बाद मतदाताओं को कुछ देर इंतजार करना पड़ा। बोइसर विधानसभा क्षेत्र में बिजली गुल होने से मतदान रुक गया।

    नंदगांव विधानसभा क्षेत्र में निर्दलीय समीर भुजबल और शिवसेना उम्मीदवार सुहास कांडे कुछ देर के लिए आमने-सामने आ गए। भुजबल ने एक वीडियो अपलोड किया जिसमें कांडे उन्हें धमकी दे रहे थे कि आज तुम्हारी हत्या तय है। पुलिस को दोनों समूहों के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करना पड़ा। वहीं, वर्धा में राकांपा (शरदचंद्र पवार) प्रवक्ता नितेश कराले की भीड़ ने पिटाई कर दी।

    पंजाब के गिदड़बाहा में 81 प्रतिशत तक मतदान

    उत्तर प्रदेश, पंजाब, केरल और उत्तराखंड में कुल 15 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए बुधवार को मतदान हुआ। उत्तर प्रदेश में कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 57.72 और गाजियाबाद में सबसे कम 33.30 प्रतिशत वोट पड़े। सभी नौ सीटों पर वर्ष 2022 के आम चुनावों की अपेक्षा कम मतदान हुआ। चार सीटें ऐसी हैं जहां 50 प्रतिशत से भी कम वोट पड़े हैं।

    पंजाब में चार सीटों पर उपचुनाव के लिए 63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शाम छह बजे तक गिदड़बाहा में सबसे अधिक 81 प्रतिशत मतदान हुआ। डेरा बाबा नानक में 63 प्रतिशत, बरनाला में 54 प्रतिशत और चब्बेवाल में 53 प्रतिशत वोट पड़ा। इन चारों सीटों में तीन पर कांग्रेस और एक पर आम आदमी पार्टी का कब्जा था।

    केरल में पलक्कड़ विधानसभा उपचुनाव में 54.64 प्रतिशत मतदान हुआ

    उत्तराखंड में केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में शाम छह बजे तक 57.64 प्रतिशत मतदान हुआ, वर्ष 2022 की तुलना में 8.79 प्रतिशत कम है। जुलाई में भाजपा विधायक शैलारानी रावत के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी। केरल में पलक्कड़ विधानसभा उपचुनाव में 54.64 प्रतिशत मतदान हुआ।