Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Delhi Assembly Elections 2020: चुनाव में एक और राजनीतिक दल की एंट्री, भाजपा-कांग्रेस और AAP को देगी चुनौती

    By Mangal YadavEdited By:
    Updated: Wed, 08 Jan 2020 02:02 PM (IST)

    Delhi Assembly Elections 2020 दिल्ली में राष्ट्र निर्माण पार्टी सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसकी जानकारी पार्टी अध्यक्ष ठाकुर विक्रम सिंह ने दी है ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    Delhi Assembly Elections 2020: चुनाव में एक और राजनीतिक दल की एंट्री, भाजपा-कांग्रेस और AAP को देगी चुनौती

    नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Assembly Elections 2020: विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने के बाद इस बार 70 सीटों पर दांव लगाने के लिए राष्ट्र निर्माण पार्टी भी उतरी है। मंगलवार को हुई प्रेसवार्ता में पार्टी के अध्यक्ष ठाकुर विक्रम सिंह ने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में पार्टी 70 उम्मीदवारों को मैदान में उतरकर स्वच्छ व पारदर्शी राजनीति के लिए चुनाव लड़ेगी।

    उन्होंने कहा कि स्वच्छ राजनीति के लिए गत वर्षों में दिल्ली की बुरी हालत हुई है। यहां प्रदूषण के साथ अन्य समस्याएं भी उत्पन्न हुई हैं। स्वच्छ राजनीति के लिए विचारों का भी बेहतर होना जरूरी है, लेकिन आज के विचार दूषित हो रहे हैं। पार्टी के महसचिव डॉ. आनंद कुमार ने कहा कि पार्टी की ओर से जिन उम्मीदवारों को उतारा जा रहा है वह लंबे समय से सामाजिक सेवा में रहे हैं। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एसएन गुप्ता ने कहा कि देश में पार्टियां धर्म को अपना मुद्दा बनाती हैं, जोकि गलत है।

    जननायक जनता पार्टी भी लड़ेगी चुनाव

    हरियाणा में भाजपा की सहयोगी जननायक जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में ताल ठोंकने का निर्णय लिया है। इसके लिए वह करीब एक दर्जन विधानसभा सीटों पर सर्वे करा रही है। इसी सप्ताह सर्वे पूरा हो जाएगा। जजपा यह फीडबैक जुटाने में लगी है कि किन सीटों पर उसकी स्थिति मजबूत हो सकती है और किन सीटों पर मेहनत करनी पड़ेगी।

    दिल्ली में जजपा अकेले ताल ठोंकेगी या भाजपा के साथ गठबंधन करेगी, इसका फैसला भी पार्टी ने भाजपा के रणनीतिकारों पर छोड़ दिया है। जजपा खुद चाहती है कि दिल्ली विस चुनाव में भाजपा उसके साथ गठबंधन करे, जिसका फायदा दोनों दलों को मिल सकता है।

    जाट बाहुल्य सीटों पर फोकस

    जजपा को दिल्ली में जाट बाहुल्य सीटों पर अधिक समर्थन मिलने की आस है। नजफगढ़, मुंडका, बवाना, नरेला, बिजवासन, मटियाला, पालम, महिपालपुर, महरौली, नांगलोई जाट, बदरपुर, देवली और चकरपुर सीटें ऐसी हैं, जहां दुष्यंत चौटाला को लगता है कि उन्हें बढ़त मिल सकती है।

    उत्तरी निगम ने हटाए 35 हजार पोस्टर-होर्डिग्स

    आचार संहिता लागू होने के बाद स्थानीय निकायों ने अवैध होर्डिग्स और पोस्टरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। आयोग के निर्देश के अनुसार, 24 घंटे के भीतर इन सभी अवैध होर्डिग्स को हटाना है। उत्तरी निगम ने मंगलवार को 35 हजार से ज्यादा अवैध होर्डिंग और पोस्टर को हटाया। 3592 बैनर, 24823 पोस्टर व 6950 होर्डिंग हटाए गए हैं। साथ ही 205 बोर्ड भी हटाए हैं। कुल 35570 अवैध होर्डिंग-बैनर को हटाने की कार्रवाई की गई है।

    Delhi Assembly Election 2020: कांग्रेस और भाजपा को झटका, कई स्थानीय नेता AAP में शामिल

    चुनाव से संबंधित खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें