Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Chhattisgarh Elections 2023: छत्तीसगढ़ में 25 प्रतिशत से ज्यादा महिला प्रत्याशी उतारेगी कांग्रेस

    महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का बिल पारित होने के बाद कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में इस बार लगभग 25 प्रतिशत महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारने का लक्ष्य रखा है। वहीं भाजपा ने अबतक घोषित 85 सीटों में 14 पर महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है। प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2003 में 62 महिला प्रत्याशी मैदान में थीं। 2008 के चुनाव में यह संख्या बढ़कर 94 पहुंच गई।

    By Jagran NewsEdited By: Anurag GuptaUpdated: Fri, 13 Oct 2023 11:12 PM (IST)
    Hero Image
    महिला उम्मीदवारों पर दांव लगा रही पार्टियां (फोटो: एएनआई)

    अजय रघुवंशी, रायपुर। महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का बिल पारित होने के बाद कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में इस बार लगभग 25 प्रतिशत महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारने का लक्ष्य रखा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस इस बार 22 से अधिक महिलाओं को टिकट दे सकती है। यह कुल 90 सीटों का 24 प्रतिशत से अधिक है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं, भाजपा ने अबतक घोषित 85 सीटों में 14 पर महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है। यह लगभग 13 प्रतिशत है। भाजपा शेष पांच सीटों में संभवत: एक महिला को और मौका दे सकती है। यानी कांग्रेस भाजपा की अपेक्षा दोगुना महिला प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है।

    कांग्रेस 13 महिलाओं को उतारा था मैदान में

    बता दें कि कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने पिछले दिनों अपने प्रवास के दौरान बयान दिया था कि प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर दो-दो महिलाओं को टिकट मिलेगा। इस तरह देखा जाए तो 22 महिलाओं को टिकट मिलना लगभग तय है। कांग्रेस ने पिछले विधानसभा चुनाव में 13 महिलाओं को टिकट दिया था, जिनमें से 10 जीती थीं।

    यह भी पढ़ें: पहले चरण की 20 सीटों पर रजिस्ट्रेशन आज से, आयोग जारी करेगा नोटिफिकेशन; गुणा-गणित में जुटे दल

    भाजपा ने 14 महिलाओं पर लगाया था दांव

    वहीं, भाजपा ने 14 महिलाओं को मैदान में उतारा था, जिनमें से सिर्फ एक को जीत मिली थी। बता दें कि प्रदेश में महिलाएं शराबबंदी को लेकर हमेशा मुखर रही हैं। विपक्ष की नेत्रियां इस मुद्दे को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रही हैं। इस चुनाव में भी इसका असर दिखने के पूरे आसार हैं।

    हर साल बढ़ रहीं महिला प्रत्याशी

    प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2003 में 62 महिला प्रत्याशी मैदान में थीं। 2008 के चुनाव में यह संख्या बढ़कर 94 पहुंच गई। 2018 के विधानसभा चुनाव में कुल 115 महिला प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था। वहीं इस बार यह संख्या 120 के पार होने की संभावना है।

    मध्य प्रदेश, राजस्थान, मिजोरम और तेलंगाना से ज्यादा छत्तीसगढ़ में महिला वोटर

    छत्तीसगढ़ में महिला मतदाताओं ने लिंगानुपात में मध्य प्रदेश, राजस्थान, मिजोरम और तेलंगाना को पीछे छोड़ दिया है। यहां महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है। छत्तीसगढ़ में 2.03 करोड़ कुल मतदाताओं में महिला मतदाताओं की संख्या 1.02 करोड़ और पुरुष मतदाताओं की संख्या 1.01 करोड़ है।

    यह भी पढ़ें: कांग्रेस के OBC हितों के दावों की BJP ने निकाली हवा, 31 ओबीसी प्रत्याशी उतारकर खेला नया दांव

    सीटों के अनुपात में देशभर में सबसे ज्यादा विधायक छत्तीसगढ़ में:

    एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफा‌र्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट-2022 के अनुसार, कुल सीटों के मुकाबले छत्तीसगढ़ में वर्तमान में महिला विधायकों की भागीदारी देश के अन्य राज्यों के मुकाबले सबसे अधिक है। दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, त्रिपुरा, उत्तराखंड और बंगाल ऐसे राज्य हैं, जहां महिला विधायकों का प्रतिशत 10 से 14 के बीच है, जबकि छत्तीसगढ़ की 90 सीटों पर 16 महिला विधायकों के साथ भागीदारी 18 प्रतिशत है।

    पिछले चुनाव की स्थिति

    वर्ष महिला प्रत्याशी विजयी प्रत्याशी
    2003 62 06
    2008 94 12
    2013 83 10
    2018 115 16