स्पाइस जेट की वेबसाइट डाउन, ऑनलाइन चेक-इन और पेमेंट सेवा ठप; दिल्ली एयरपोर्ट पहले पहुंचने की सलाह
स्पाइस जेट की वेबसाइट पर तकनीकी खराबी के कारण ऑनलाइन चेक-इन, भुगतान और बुकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।

स्पाइस जेट की वेबसाइट डाउन होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ी। फोटो: आर्काइव
HighLights
स्पाइस जेट वेबसाइट पर तकनीकी खराबी से ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हुईं।
यात्रियों को चेक-इन, भुगतान और बुकिंग में भारी परेशानी हुई।
एयरपोर्ट पर मैनुअल चेक-इन की व्यवस्था की गई, टीमें जुटीं।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। स्पइस जेट की वेबसाइट पर तकनीकी खराबी आने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शुक्रवार को ऑनलाइन चेक-इन, भुगतान और मैनेज बुकिंग जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित हो गईं।
स्थिति को देखते हुए एयरलाइन ने विभिन्न एयरपोर्ट पर मैनुअल चेक-इन और बोर्डिंग की व्यवस्था लागू कर दी। कंपनी ने यात्रियों से उड़ान के निर्धारित समय से पर्याप्त पहले एयरपोर्ट पहुंचने की अपील की है।
एयरलाइन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, वेबसाइट पर तकनीकी समस्या के कारण यात्री ऑनलाइन चेक-इन और भुगतान सहित कई सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं।
चेक-इन काउंटरों पर लग सकता है ज्यादा वक्त
पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों को भी बुकिंग में बदलाव और अन्य सेवाओं के लिए परेशानी हो सकती है। ऐसे में एयरपोर्ट पर चेक-इन काउंटरों पर यात्रियों की निर्भरता बढ़ने से अतिरिक्त समय लगने की आशंका है।
स्पइस जेट के यात्रियों की परेशानी केवल तकनीकी खराबी तक सीमित नहीं है। हाल के दिनों में उड़ानों में देरी और रद होने को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। एयरलाइन ने कहा है कि उसकी टीमें सर्विस प्रोवाइडर के साथ मिलकर तकनीकी समस्या दूर करने में जुटी हैं।