'मेरे पिता का निधन हो गया, मुझे पटना पहुंचा दो'; SpiceJet की फ्लाइट घंटों लेट होने पर IGI एयरपोर्ट पर रोता रहा यात्री
स्पाइसजेट की उड़ानें लगातार लेट हो रही है, जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रनवे पर खड़ी स्पाइसजेट एयरलाइन की विमान। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
पिता के निधन पर बेटा पटना जाने को बेताब था।
स्पाइसजेट की उड़ान में घंटों की देरी से फंसा रहा।
एयरपोर्ट पर रोते हुए कर्मचारियों से गुहार लगाता रहा।
गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। पिता के निधन की खबर किसी भी बेटे के लिए सबसे बड़ा सदमा होती है। ऐसे समय में उसकी कोशिश होती है कि वह जल्द से जल्द घर पहुंचे और अपने पिता के अंतिम दर्शन कर सके। लेकिन इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर एक बेटे की यही आखिरी इच्छा बेबसी में बदल गई।
पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पटना जाने की तैयारी कर रहा यह यात्री स्पाइसजेट की उड़ान में घंटों की देरी के कारण एयरपोर्ट पर फंसा रहा।
वह एयरलाइन के कर्मचारियों के सामने हाथ जोड़कर और फूट-फूटकर रोते हुए गुहार लगाता रहा कि किसी तरह उसे पटना पहुंचा दिया जाए। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
ग्राउंड स्टाफ के आगे रो रहा था यात्री
यह घटना 26 नवंबर की बताई जा रही है। यात्री को स्पाइसजेट की दिल्ली-पटना उड़ान एसजी-709 से यात्रा करनी थी। पिता के निधन की सूचना मिलने के बाद वह जल्द से जल्द पटना पहुंचना चाहता था। लेकिन उड़ान में बार-बार देरी होने से उसकी बेचैनी बढ़ती गई।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में वह एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ के सामने अपनी परिस्थिति बताते हुए रोता नजर आ रहा है। वह बार-बार कह रहा है कि उसके पिता का निधन हो गया है और उसे उनके पास पहुंचना है।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ ने उठाया सवाल
वीडियो में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष यश डबास भी एयरलाइन कर्मचारियों से देरी को लेकर सवाल करते दिखाई दे रहे हैं।
वह कर्मचारियों से पूछते हैं कि जब एक यात्री के पिता का निधन हो गया है और उसे अंतिम संस्कार में शामिल होना है, तो उसे समय पर पहुंचाने के लिए कोई व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है। इस दौरान आसपास मौजूद दूसरे यात्री भी नाराजगी जताते हुए स्पाइसजेट के खिलाफ नारे लगाने लगते हैं।
कई घंटों तक लेट रही उड़ान
उपलब्ध उड़ान कार्यक्रम के अनुसार, एसजी-709 को दिल्ली से दोपहर 2:50 बजे रवाना होकर शाम 4:45 बजे पटना पहुंचना था। उड़ान के शाम करीब 6:30 बजे तक टलने की बात सामने आई है। इस देरी ने पहले से दुखी यात्री की परेशानी और बढ़ा दी।
एयरलाइन ने मामले पर नहीं दिया जवाब
इस पूरे मामले में स्पाइसजेट की जनसंपर्क टीम से भी संपर्क कर एयरलाइन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई जवाब नहीं मिला।
उड़ान में देरी की वजह क्या थी, यात्री की पारिवारिक आपात स्थिति की जानकारी मिलने के बाद भी उसे कोई वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं दी गई और यात्रियों को देरी के संबंध में क्या जानकारी दी गई, इन सवालों का जवाब अभी सामने नहीं आया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।