स्पाइसजेट की लेटलतीफी यात्री पर पड़ी भारी, IGI एयरपोर्ट पर रोते हुए कहा- पापा नहीं रहे, मुझे पटना जाने दीजिए
स्पाइसजेट की उड़ान में अत्यधिक देरी के कारण एक यात्री अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाया। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर वह फूट-फूटकर रोता रहा।

उड़ान में विलंब के दौरान एयरपोर्ट पर बिलखता यात्री। वीडियो ग्रैब
HighLights
यात्री स्पाइसजेट की उड़ान में देरी से फंसा।
पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने से वंचित रहा।
आईजीआई एयरपोर्ट पर रोते हुए मदद मांगी।
गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। पिता के निधन की खबर किसी भी बेटे के लिए सबसे बड़ा सदमा होती है। ऐसे समय में उसकी कोशिश होती है कि वह जल्द से जल्द घर पहुंचे और अपने पिता के अंतिम दर्शन कर सके। लेकिन, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर एक बेटे की यही आखिरी इच्छा बेबसी में बदल गई।
फूट-फूटकर रोते हुए गुहार लगाता रहा
पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पटना जाने की तैयारी कर रहे इस यात्री को स्पाइसजेट की उड़ान में अत्यधिक देरी के कारण एयरपोर्ट पर फंसा रहना पड़ा। इस बीच वे एयरलाइन के कर्मचारियों के सामने हाथ जोड़कर और फूट-फूटकर रोते हुए गुहार लगाते रहे कि किसी तरह उन्हें पटना पहुंचा दिया जाए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
'मेरे पापा नहीं रहे, मुझे उनके पास जाना है'
यह घटना 26 नवंबर की बताई जा रही है। यात्री को स्पाइसजेट की दिल्ली-पटना उड़ान एसजी-709 से यात्रा करनी थी। पिता के निधन की सूचना मिलने के बाद वह जल्द से जल्द पटना पहुंचना चाहते थे। लेकिन, उड़ान में बार-बार देरी होने से उनकी बेचैनी बढ़ती गई। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में वह एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ के सामने अपनी परिस्थिति बताते हुए रोते नजर आ रहे हैं। वह बार-बार कह रहे हैं कि उनके पिता का निधन हो गया है और उन्हें उनके पास पहुंचना है।
स्पाइसजेट के खिलाफ नारे लगाने लगते
वीडियो में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष यश डबास भी एयरलाइन कर्मचारियों से देरी को लेकर सवाल करते दिखाई दे रहे हैं। वह कर्मचारियों से पूछते हैं कि जब एक यात्री के पिता का निधन हो गया है और उसे अंतिम संस्कार में शामिल होना है, तो उसे समय पर पहुंचाने के लिए कोई व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है। इस दौरान आसपास मौजूद दूसरे यात्री भी नाराजगी जताते हुए स्पाइसजेट के खिलाफ नारे लगाने लगते हैं।
दोपहर की उड़ान शाम तक टलने की सूचना
एसजी-709 को दिल्ली से दोपहर 2:50 बजे रवाना होकर शाम 4:45 बजे पटना पहुंचना था। उड़ान के शाम करीब 6:30 बजे तक टलने की बात सामने आई। इस देरी ने पहले से दुखी यात्री की परेशानी और बढ़ा दी। इस पूरे मामले में स्पाइसजेट की जनसंपर्क टीम से भी संपर्क कर एयरलाइन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई जवाब नहीं मिला।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।