पीतमपुरा में नकली पुलिसवालों ने लूटा 50 लाख का बैग, अगले दिन गोहाना से तीन गिरफ्तार; 33.5 लाख बरामद
पीतमपुरा में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर दो लोगों ने एक व्यवसायी के कर्मचारी से 50 लाख रुपये से भरा ...और पढ़ें
-1778492729615-1778517990208-1778518011137_m.webp)
HighLights
पीतमपुरा में नकली पुलिस ने 50 लाख का बैग लूटा।
गोहाना से तीन आरोपी गिरफ्तार, 33.5 लाख रुपये बरामद।
लूट के पैसों से खरीदे दो आईफोन-17 भी जब्त।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। पीतमपुरा में पेमेंट करने जा रहे व्यवसायी के कर्मचारी को दो लोगों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर रोका और इसके बाद 50 लाख रुपये से भरा बैग लेकर भाग गए। व्यवसायी के कर्मचारी व उसके दोस्त को नकली पुलिस अधिकारी ने जांच के नाम पर रोका था।
वारदात के अगले दिन पुलिस ने गोहाना (सोनीपत) से नाबालिग समेत तीन लोगों को पकड़ा और उनसे साढ़े 33 लाख रुपये बरामद किए। आरोपित ने लूट की राशि से दो आइफोन-17 मोबाइल खरीदे, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। दो आरोपित सोनीपत के रहने वाले हैं।
यह वारदात पीतमपुरा के वर्धमान प्लाजा के सामने बीते शनिवार को हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान के सिरोही जिले के रहने वाले सवाराम ने मंगोलपुरी थाने को वारदात के संबंध में सूचित किया। सवाराम ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ पीतमपुरा में अपने नियोक्ता (मालिक) द्वारा दिए गए नौ लाख रुपये कैश देने आए थे।
जब उन्होंने ऑटो रिक्शा को वर्धमान प्लाजा के सामने छोड़ा और तरुण इन्क्लेव की तरफ चले, तभी दो लोग उनके पास आए और खुद को पुलिस आफिसर बताकर उन्हें रोका और पूछताछ करने लगे। इसी दौरान उसका पैसों वाला बैग ले लिया और कहा कि सीनियर आफिसर आ रहे हैं। इसके बाद दोनों लोग बैग के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर बैठकर भाग गए। सवाराम ने भागने से पहले बाइक का नंबर नोट कर लिया।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने वारदात स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीक और खुफिया जानकारी के आधार पर 10 मई को को गोहाना (सोनीपत) से तीन लोगों को पकड़ा। इनमें दो की पहचान विनय उर्फ मोंटी व कुलदीप के तौर पर हुई। दोनों सोनीपत के रहने वाले हैं। तीसरा आरोपित नाबालिग है।
पुलिस ने इनसे 33.50 लाख रुपये और ठगी की रकम से खरीदे गए दो मोबाइल फोन (एपल आइफोन-17) बरामद किए हैं। इसके अलावा, अपराध में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और जिसमें कैश रखा था, वह बैग भी बरामद किया है। उन्होंने बताया कि अपराध में शामिल दूसरे आरोपित को गिरफ्तार करने और बाकी रकम बरामद करने की कोशिश की जा रही है।
पहले बैग में बताए नौ लाख रुपये, बाद में 50 लाख
जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि वारदात के बाद शुरुआती शिकायत में शिकायकर्ता सवाराम ने बैग में नौ लाख रुपये होने की बात कही थी। बाद में अपने पूरक बयान में शिकायकर्ता ने राशि को 50 लाख रुपये बताया। पूछताछ में सवाराम ने बताया कि डर की वजह से रकम का सही आंकड़ा नहीं बता सका और बैग में 50 लाख थे।
