दिल्ली पुलिस का बर्खास्त सिपाही पंचकूला में गिरफ्तार; बच्चा किडनैप किया, गाड़ी भी चोरी की निकली
दिल्ली पुलिस के बर्खास्त सिपाही ने पंचकूला में एक बच्चे का अपहरण किया, जिसे पुलिस ने कुछ ही घंटों में ...और पढ़ें

बच्चे की किडनैपिंग की सूचना पर पुलिस ने आरोपित को कुछ घंटों में ही धर-दबोचा। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
राजस्थान के झूंझनु जिले का रहने वाला है आरोपित।
वर्ष 2023 में दिल्ली पुलिस महकमे से बर्खास्त हुआ था।
वारदात के लिए चोरी की कार और फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। दिल्ली पुलिस के बर्खास्त सिपाही ने पंचकूला में 13 साल के बच्चे का अपहरण कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने कुछ घंटों में ही आरोपित को गिरफ्तार कर बच्चे को सुरक्षित घरवालों को सौंप दिया। आरोपित की पहचान रविंद्र कुमार यादव के रूप में हुई, जोकि राजस्थान के झूंझनु का रहने वाला है।
पूछताछ में पता चला कि उसे वर्ष 2023 में दिल्ली पुलिस महकमे से बर्खास्त किया गया था। उससे बरामद कार भी चोरी की निकली और कार का नंबर फर्जी निकला। आरोपित के खिलाफ थाना सेक्टर-7 में मुकदमा दर्ज कर आगामी जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार रविवार तड़के करीब साढ़े 3 बजे डायल-112 पर एक ऑटो चालक ने सूचना दी गई कि माजरी चौक के पास सफेद हुंडई कार में एक व्यक्ति नाबालिग बच्चे को जबरदस्ती बैठाकर ले गया है। बच्चे के चिल्लाने और विरोध करने पर आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ, जिसके बाद आरोपित बच्चे को लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने सजगता दिखाते हुए आरोपित को चंद घंटों के भीतर रामगढ़ से काबू कर लिया। एसीपी विक्रम नेहरा ने बताया कि आरोपित ने वारदात को अंजाम देने के लिए पूरी साजिश के तहत नकली नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया था।
पुलिस को वाहन के अंदर से मिर्च स्प्रे सहित अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद हुआ है। आरोपित को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा सके।
