Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कांवड़ मार्ग पर कांच के टुकड़े मिलना क्या साजिश थी या महज हादसा? जांच के बाद पुलिस ने बताया

    Updated: Sun, 13 Jul 2025 10:13 PM (IST)

    पूर्वी दिल्ली में कांवड़ मार्ग पर कांच मिलने के मामले में पुलिस ने साजिश की आशंका को खारिज किया है। पुलिस के अनुसार यह घटना एक रिक्शा से कांच गिरने के कारण हुई। रिक्शा चालक को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पहले भाजपा नेताओं ने इसे साजिश बताया था लेकिन पुलिस ने इसे हादसा करार दिया है।

    Hero Image
    पुलिस ने कहा कांवड़ मार्ग पर कांच के टुकड़े साजिश नहीं, हादसा था।

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। शाहदरा जीटी राेड पर कांवड़ मार्ग पर कांच के टुकड़े मिलने पर भाजपा ने कांवड़ियों को घायल करने की साजिश का आरोप लगाया था। मंत्री कपिल मिश्रा व शाहदरा विधायक संजय गोयल ने इसे साजिश बताया। पुलिस ने मामले की सच्चाई को उजागर करते हुए कहा कि सड़क पर कांच का पड़ा होना साजिश नहीं, यह एक हादसा था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पुलिस ने इस मामले में गाजियाबाद के डीएलएफ निवासी व रिक्शा चालक कुसुम पाल को हिरासत में लिया है। सीमापुरी थाना ने पीडब्ल्यूडी के जेई अविनाश प्रताप सिंह की शिकायत पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने व जानबूझ कर किसी को चोट पहुंचाने की धारा में केस दर्ज किया है। कांवड़ मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

    चितांमणि चौक से झिलमिल मेट्रो स्टेशन तक सड़क पर कांच मिली

    जिला पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि सीमापुरी एसडीएम मोहन कुमार ने 12 जुलाई की शाम 6:25 पर पुलिस काे एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में बताया गया था कि कांवड़ मार्ग पर चितांमणि चौक से झिलमिल मेट्रो स्टेशन तक सड़क पर कांच पड़ा हुआ है। पुलिस ने वीडियो के बारे में पता किया तो पता चला यह वीडियो नंद नगरी निवासी पीयूष नाम के शख्स ने 10 जुलाई की रात 8:30 बजे बनाया था। कांच की जानकारी उसे उसके दोस्त मोंटू ने दी थी।

    वीडियो के आधार पर सीमापुरी एसीपी ने 12 जुलाई की रात में मार्ग का निरीक्षण किया। कुछ कांच के टुकड़े मिले। निगम कर्मचारियों ने बताया कि सुबह ही सड़क की सफाई करके अधिकतर कांच के टुकड़े हटा दिए गए थे। रात 11:39 बजे पीडब्ल्यूडी के जेई अविनाश प्रताप सिंह ने पीसीआर काल की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर सीमापुरी थाने में केस दर्ज किया।

    सीसीटीवी कैमरों के जरिये पुलिस ने एक ई-रिक्शा की पहचान की

    सीसीटीवी कैमरों के जरिये पुलिस ने एक ई-रिक्शा की पहचान की। पता चला रिक्शा चालक महिला है। पूछताछ में रिक्शा चालक ने बताया कि वह गाजियाबाद से कांच का सामान लेकर सीलमपुर जा रही थी। रास्ते में पीछे से उसके रिक्शे में एक वाहन ने टक्कर मार दी थी। शीशे का सामान टूट गया था और उसका कांच सड़क पर बिखर गया था। रिक्शा चालक ने कहा कि उसने किसी साजिश के तहत कांच के टुकड़े सड़क पर नहीं फेंके।

    कांच के टुकड़े मिलने पर मंत्री ने लगाया था साजिश का आरोप

    दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने शनिवार रात को एक्स पर पोस्ट करके कहा था शरारती तत्वों ने कांवड़ मार्ग पर एक किलोमीटर क्षेत्र में कांच के टुकड़े बिखेर दिए हैं। निगम व पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों से सड़क की सफाई करवाई है। मंत्री ने कहा था दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए पीडब्ल्यूडी को एफआइआर दर्ज करवाने के आदेश दिए हैं।

    रविवार को दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि दिलशाद गार्डन में एक किलोमीटर क्षेत्र में कांच के टुकड़े मिले है। पुलिस को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी ने दो घंटे में सड़क की सफाई कर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है।

    यह भी पढ़ें- विजेंद्र गुप्ता ने उपराष्ट्रपति धनखड़ से की मुलाकात, दिल्ली विधानसभा की नई पहल पर की चर्चा