'भाजपा सरकार छीन रही मतदान का अधिकार तो...', वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस का हल्ला बोल
भारतीय युवा कांग्रेस ने वोट चोरी के मुद्दे पर हल्ला बोल मार्च निकाला। राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने भाजपा और चुनाव आयोग पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग चोर आयोग बन गया है और वोट चोरी लोकतंत्र पर हमला है। चिब ने डिजिटल वोटर सूची मुहैया कराने की मांग की।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भारतीय युवा कांग्रेस ने मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में भाजपा और चुनाव आयोग पर वोट चोरी एवं लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए हल्ला बोल मार्च निकाला।
इस अवसर पर चिब ने कहा कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने वोट चोरी पर बड़ा सच सामने रखा है। चुनाव आयोग अब चोर आयोग बन गया है। वोट चोरी ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के बुनियादी लोकतांत्रिक सिद्धांत पर हमला है। बिहार में हो रहा एसआइआर इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जब लूट को नियम बना दिया जाए, तो उसे चुनाव नहीं, लोकतंत्र का कत्ल कहते हैं।
चिब ने यह भी कहा कि ये लड़ाई सिर्फ एक वोट की नहीं, बल्कि उस विश्वास की है जिस पर लोकतंत्र टिका है। अगर भाजपा सरकार हमारे वोट देने का अधिकार छीनने पर उतर आई है, तो चुप रहना गुनाह होगा। जब लड़ाई देश के वजूद की हो, तो सड़कों पर उतरना जिम्मेदारी बन जाती है। क्योंकि अगर वोट ही चोरी होता रहा, तो लोकतंत्र और संविधान दोनों खत्म हो जाएंगे।
चिब ने यह मांग करते हुए कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता राहुल गांधी का सिपाही है। भाजपा सरकार और चुनाव आयोग की वोट चोरी के खिलाफ हम लगातार आवाज उठाते रहेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि मांग साफ है: 'धांधली बंद करो और डिजिटल वोटर सूची मुहैया करो।' उन्होंने यह भी कहा कि यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की है, और लोकतंत्र को हर हाल में सुरक्षित रखना, ये संकल्प है हमारा।
इस दौरान प्रदर्शन में राष्ट्रीय महासचिव मनीष चौधरी, मितेंद्र दर्शन सिंह, दिल्ली प्रभारी खुशबू शर्मा, राष्ट्रीय सचिव सत्यवान गहलोत, अमित पठनीया, मान सिंह राठौर, विशाल चौधरी, दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा, राजस्थान प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिमन्यु पुनिया, हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष निशित कटारिया, समेत कई राष्ट्रीय कार्यकारणी के सदस्य गण और अनेकों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।