विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Rains: बारिश से डूबा जखीरा अंडरपास, पानी के बीचों-बीच फंसा ट्रक; जान बचाने के लिए मशीन पर चढ़े लोग

Published: Wed, 24 Jul 2024 02:46 PM (IST)

Delhi Rains बुधवार सुबह हुई बारिश के कारण उत्तरी दिल्ली स्थित जखीरा अंडरपास में जलभराव हो गया। इस वजह से ...और पढ़ें

बारिश से जखीरा अंडरपास में हुए जलभराव में फंसा ट्रक। फोटो- जागरण
बारिश से जखीरा अंडरपास में हुए जलभराव में फंसा ट्रक। फोटो- जागरण

HighLights

  1. दिल्ली में बुधवार सुबह हुई झमाझम बारिश
  2. बारिश से सड़कों पर हुआ जलभराव
  3. सड़कों पर जलभराव होने से कई जगह लगा जाम

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। जखीरा अंडरपास में जलभराव होने से लोक निर्माण विभाग के कार्यों की पोल खुल गई है। अंडरपास के नीचे पानी भर जाने से एक ट्रक फंस गया है, जिसमें पाइप रखे हुए हैं। ट्रक के साथ एक मशीन भी है जिस पर पांच लोग अपनी जान बचाने के लिए खड़े हुए हैं।

इसका सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जमकर वायरल हो रहा है। अंडरपास में पानी भर जाने से वाहनों का आवागमन पूरी तरह से ठप है। पानी की निकासी न होने के कारण वाहन चालक अधिकारियों को कोसते हुए दिखे।

लोगों का कहना है कि हर बारिश में दिल्ली की स्थिति ऐसी ही हो जाती है, जिसका खामियाजा हम लोगों को भुगतना पड़ता है। पीडब्ल्यूडी ने मामले का संज्ञान लेकर जल्द पानी निकलवाने को कहा है। 

काफी देर तक लोगों को मजबूरी में मशीन पर बैठना पड़ा। वाहन चालकों ने इस समस्या का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। साथ ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को टैग किया। इसके बाद दोनों तरफ के रास्ते को वाहन चालकों के लिए बंद कर दिया गया।

ये भी पढ़ें-

Delhi Rains: दिल्ली-NCR में बारिश से सड़कों पर भरा पानी, कई इलाकों में ट्रैफिक जाम

यूजर सचिन गुप्ता ने एक्स पर वीडियो साझा करते हुए ट्वीट कर लिखा है कि बारिश के कारण ये है जखीरा अंडरपास का नजारा। यूजर सदफ अफरीन ने ट्वीट कर लिखा कि हल्की बारिश सिस्टम की पोल खोल देती है। वहीं पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेकर शिकायत दर्ज कर जल्द समस्या का समाधान करने को कहा है।

पहले भी हो चुकी है अंडरपास की ऐसी स्थिति

जखीरा अंडरपास में जलभराव यह पहली बार नहीं हो रहा है। इससे पहले भी यहां पर कई बार जलभराव की समस्या हो चुकी है। जून के महीने में हुई वर्षा के दौरान भी अंडरपास में पानी भर गया था।

पीडब्ल्यूडी ने पानी की निकासी के लिए नौ मोटर पंप लगाए थे, जिसमें कुछ मोटर पंप तो पानी में ही डूब गए थे। जबकि कुछ ऐसे मोटर पंप जो बाहर लगे हुए थे, वह काम कर रहे थे। फिर यहां से पानी को निकालकर पास के ही एक नाले में डाला रहा था, जो कि पहले से ही जाम था।