चुनाव में पहली महिला IPS को शिकस्त देने वाले एसके बग्गा का निधन, AAP से दो बार बने थे विधायक
SK Bagga Passed Away पूर्वी दिल्ली के कृष्णानगर विधानसभा सीट से दो बार के विधायक रहे एसके बग्गा का निधन हो गया। वह पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे। सांस समेत कई बीमारियों से जूझ रहे थे। बग्गा ने 2015 के चुनाव में पहली महिला आईपीएस किरण बेदी को हराया था। इस लेख के माध्यम से पढ़िए उनका राजनीतिक करियर।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली।SK Bagga Passed Away: पहली महिला आईपीएस किरण बेदी को कृष्णा नगर सीट से हराने वाले आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक एसके बग्गा का निधन हो गया। वह पिछले कई माह से किडनी समेत कई बीमारियों से जूझ रहे थे। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे उन्होंने बीएल कपूर अस्पताल में आखिरी सांस ली।
शाम को गीता कॉलोनी शमशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर दुख जाहिर किया। एसके बग्गा पेशे से वकील थे। वह अन्ना आंदोलन के दौरान अरविंद केजरीवाल के संपर्क में आए थे।
आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) ने अपने एक्स पर लिखा
"ओम शांति। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व कृष्णा नगर विधानसभा के पूर्व विधायक श्री SK बग्गा जी का निधन अत्यंत दुखद है। SK बग्गा जी का जनता के प्रति समर्पण हम सभी को सदैव प्रेरणा देगा"
मुख्यमंत्री का चेहरा रहीं किरण बेदी को हराया था चुनाव
आम आदमी पार्टी के गठन के दौरान ही वह पार्टी से जुड़ गए थे। वर्ष 2015 में कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े थे और इसी सीट से भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा रहीं किरण बेदी को चुनाव में हराया था।
वर्ष 2020 के चुनाव में भाजपा उम्मीदवार डॉ. अनिल गोयल को चुनाव में शिकस्त दी थी। वर्ष 2025 के चुनाव में एसके बग्गा ने स्वास्थ्य कारणों से चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। जिसके बाद पार्टी ने उनके बेटे विकास बग्गा को चुनाव में उतारा था, लेकिन वह चुनाव हार गए थे।
पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने मौत पर जताया दुख
विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान ही एसके बग्गा की तबीयत बिगड़ती चली गई थी। उनके निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि एसके बग्गा ने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा में लगा दिया। उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।
कृष्णा नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र उत्तर भारत में दिल्ली के सत्तर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। कृष्णा नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पूर्वी दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का एक हिस्सा है। 2015 के विधानसभा चुनाव में AAP के एस.के. बग्गा ने भाजपा की सीएम उम्मीदवार किरण बेदी को 2277 वोटों से हराया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।