दिल्ली के हजारों लोगों को जल्द मिलेगा दिवाली गिफ्ट, सील की गई संपत्तियां होंगी डी-सील
तीनों निगमों को यह निर्देश दिए गए हैं कि दीपावली से पहले सभी सील की गई संपत्तियों को डी-सील कर दिया जाएं। इसके लिए तेजी से आगे बढ़ा जाएं। यह दीपावली इन संपत्ति मालिकों के लिए खास हो।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने अपने निवासियों को दीपावली का खास तोहफा दिया है। बृहस्पतिवार को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने महापौर जय प्रकाश के साथ टोडापुर गांव मुख्य मार्ग की डब्ल्यू जेड 123 संपत्ति को डी-सील कर डी-सीलिंग की प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आर पी सिंह, उत्तरी नगर निगम के स्थायी समिति के अध्यक्ष छैल बिहारी गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष राजन तिवारी, मीडिया प्रमुख नवीन कुमार व करोलबाग जिला अध्यक्ष राजेश गोयल की भी मौजूदगी रही। आदेश गुप्ता ने इस अवसर को खास बताते हुए कहा कि यह हर्ष का दिन है, क्योंकि भाजपा शासित तीनों नगर निगमों ने निगरानी समिति द्वारा सील की गई संपत्तियों को डी-सील करने का अभियान शुरू कर दिल्ली के लोगों को बड़ी राहत देने का काम किया है। जब टोडापुर गांव में संपत्ति की डी-सीलिंग की जा रही थी, उस समय संपत्ति मालिकों के चेहरे पर खुशी देखते बन रही है। स्थानीय लोगों में भी हर्ष का माहौल था। क्योंकि मनमाने तरीके से संपत्तियों को सील किया गया था।
उन्होंने कहा कि तीनों निगमों को यह निर्देश दिए गए हैं कि दीपावली से पहले सभी सील की गई संपत्तियों को डी-सील कर दिया जाएं। इसके लिए तेजी से आगे बढ़ा जाएं। यह दीपावली इन संपत्ति मालिकों के लिए खास हो। उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार दिल्ली के व्यापारियों व निवासियों के हितों के लिए संघर्ष करती आई है जिसका सुखद परिणाम सामने हैं। पार्टी ने मनमाने सीलिंग के खिलाफ हर मंच पर आवाज मुखर की। संघर्ष किया। महापौर ने बताया कि उत्तरी निगम में कुल 1356 संपत्तियां है जिन्हें डी-सील किया जाएगा।
सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में निगरानी समिति के निर्देशानुसार गलत सील हुई रिहायशी संपत्तियों को डी-सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए निगम के अधिकारी पूरी प्रक्रिया का पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डी-सीलिंग से नागरिकों को काफी राहत मिलेगी। वहीं, मौजूद स्थानीय लोग व संपत्ति मालिकों ने भाजपा नेताओं का स्वागत किया। संपत्ति मालिकों ने कहा कि यह दीपावली पर उनके लिए सबसे खास तोहफा है। त्यौहार की खुशी कई गुना बढ़ गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।