राहुल गांधी को अपने दृष्टिकोण के बारे में बताएगा संघ, शताब्दी वर्ष में RSS का शुरू होगा गृह संपर्क अभियान
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) शताब्दी वर्ष में 30 करोड़ परिवारों तक पहुंचने के लिए गृह संपर्क अभियान शुरू करेगा। स्वयंसेवक घर-घर जाकर संघ के 100 वर्ष की यात्रा का परिचय देंगे और समाज में बदलाव के लिए चर्चा करेंगे। राहुल गांधी और मौलाना मदनी जैसे आलोचकों तक पहुंचने की भी कोशिश की जाएगी। दीपावली के बाद शुरू होने वाला यह अभियान विश्व का सबसे बड़ा संपर्क अभियान होगा।

नेमिष हेमंत, नई दिल्ली। अपने शताब्दी वर्ष में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विपक्ष के नेता राहुल गांधी को अपने दृष्टिकोण और विचारों से अवगत कराएगा। जो उसके कटु आलोचक हैं। इसी तरह कि कोशिश जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी जैसे लोगों के लिए भी होगी।
यह कोशिश इस वर्ष दीपावली बाद से शुरू होने वाले विश्व के सबसे बड़े संपर्क अभियान के तहत होगी। शताब्दी वर्ष में संघ देश के प्रत्येक परिवार तक पहुंचने के लक्ष्य के साथ 'गृह संपर्क अभियान' निर्धारित किया है। जिसके तहत स्वयंसेवक घर-घर संपर्क करेंगे। परिवारों को संघ की 100 वर्ष की यात्रा का परिचय देने वाले पत्रक सौंपें जाएंगे। साथ ही समाज के संघ द्वारा निर्धारित पंच परिवर्तन पर संवाद करेंगे।
साथ ही भविष्य के भारत पर उनका दृष्टकोण जानेंगे। संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार, यह अभियान सभी भारतीयों तक पहुंचने के लिए हैं, जिसमें धर्म व विचार जैसे बंधन बाधक नहीं होंगे। संघ सभी तक पहुंचेगा, चाहे वह किसी विचार या धर्म समेत अन्य विभिन्नता से जुड़े हों।
चाहे समाज के बड़े लोग हों या आम लोग, सभी तक संघ पहुंचेगा। इसके तहत पहले सूची तैयार की जाएगी, जो शाखा स्तर पर होगा। फिर संपर्क के लिए टोलियां निर्धारित की जाएंगी। समाज के प्रभावी लोगों से मिलने के लिए अलग से संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की टोली रहेगी।
इस क्रम में बड़े लोगों के मामले में उनसे पहले मिलने की अनुमति ली जाएगी। फिर तय टोली उनसे मिलेगी। देशभर में 30 करोड़ से अधिक परिवार है। संघ के स्वयंसेवकों की कोशिश इस गृह संपर्क अभियान के तहत देश के सभी परिवार तक पहुंचने की होगी।
संघ पदाधिकारी के अनुसार, यह मुहिम विश्व का सबसे बड़ा संपर्क अभियान होगा। अभियान की अवधि अभी निर्धारित नहीं है। माना जा रहा है कि यह इस वर्ष दीपावली के ठीक बाद शुरू होकर दो से तीन हफ्ते का होगा। वैसे, इसके पूर्व विश्व का सबसे बड़ा संपर्क अभियान विहिप ने वर्ष 2021 में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए निधि संपर्क अभियन के रूप में चलाया था, जिसमें करीब 10 करोड़ परिवारों से संपर्क साधा गया था।
गोष्ठी व हिंदू सम्मेलन होंगे इस वर्ष के अक्टूबर-नवंबर में दो प्रकार की गोष्ठियां होंगी। एक सद्भावना गोष्ठी व दूसरे समाज गोष्ठी। ये गोष्ठियां भी संगठन की दृष्टि से तय जिला स्तर पर होंगी।
विशेष बात है कि इन गोष्ठियों के आयोजन का दायित्व समाज के ऊपर होगा, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए, बाजार संगठन जैसे लोग शामिल होंगे, जबकि हिंदू समाज द्वारा वर्ष के अंत और अगले वर्ष के आरंभ तक हिंदू सम्मेलन का आयोजन होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।